गजब उत्तराखंड की बेटी
उत्तराखंड- पहाड़ की बेटी ने कर दिया गजब, 22 भाषा में बोलकर, जीता इंडिया बुक ऑफ रिकार्ड का खिताब
प्रतिभा न किसी उम्र का पैमाना है और न ही जबरन पैदा करने का। ऐसा ही प्रतिभाशाली तब देखने को मिला जब एक स्कूली छात्रा ने बड़े बड़े धुरंधरों को अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। वर्तमान शिक्षा प्रणाली की शैक्षणिक तकनीक गुरूजनों के मार्गदर्शन और माता-पिता के प्रोत्साहन खासकर स्कूल के बच्चे छोटी उम्र में कुछ कर गुजरने का माद्दा रखने लगे हैं। वह शुरुआत से ही खुद को अलग साबित करने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसी ही प्रतिभाशाली स्कूली छात्रा नैनीताल जिले के भीमताल की दक्षिणा सिंह ने बहुभाषा के क्षेत्र में कमाल कर अन्तर्राष्ट्रीय स्तर का खिताब अपने नाम किया है।
लेक्स इंटरनेशनल स्कूल भीमताल की कक्षा 4 छात्रा दक्षिणा सिंह को इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड द्वारा सम्मानित किया गया है। उन्होंने भारत में सबसे कम समय में (सबसे तेज़ मात्र १ मिनट २२ सेकेंड) भारत के संविधान की प्रस्तावना, संविधान के कुल २२ अनुच्छेद एवं समस्त २२ भाषाओं को बोलने का रिकॉर्ड बनाया है।
उनकी इस कामयाबी के बाद उनके घर परिवार में खुशी का माहौल तो है ही राज्य भर से परिचितों सहित क्षेत्रवासीयों का दक्षिणा और उनके माता-पिता को बधाई देने का तांता लगा हुआ हैं। वहीं स्कूल प्रबंधन , शिक्षकों में भी खुशी के साथ दक्षिणा सिंह को बधाई और आशीर्वाद की झड़ लग गई है साथ ही दक्षिणा के उज्जवल भविष्य की कामना की। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने दक्षिणा की उपलब्धियों पर बोलते हुए कहा कि दक्षिणा सिंह ने छोटी सी उम्र में जो कार्य किया उसे प्रेरित होकर अन्य बच्चे भी स्कूली पढ़ाई से अलग अपने रूचि पर काम करेंगे और खुद की पहचान स्थापित करेंगे। दक्षिणा सिंह को उनके इस रिकॉर्ड के लिए लोक संवाद टुडे की ढेरों शुभकामनाएं और बधाइयां।