
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का कहना कि उत्तराखंड पर्यटन प्रदेश है और पुलिस हमारी ब्रांड एंबेसडर है। पुलिस के ध्येय वाक्य मित्रता, सेवा और सुरक्षा को अपना मूलमंत्र मानने वाली उत्तराखंड पुलिस कितना न्याय अपने मूलमंत्र से करती है यह सब जगजाहिर है। ऐसे में मुख्यमंत्री का उत्तराखंड पुलिस को ब्रांड एंबेसडर बताना निःसंदेह अपने चुनावी समर की बैतरणी पार करने के लिए एकबार फिर से चने के झाड़ पर चढ़ाने जैसा लगता है। कहना होगा कि मुख्यमंत्री धामी दूसरी पारी में जुमले बाजीऔर हवाई घोषणा करने में केन्द्रीय नेताओं को भी पीछे धकेलने में सफल हो रहे हैं। शुक्रवार को सुद्धोवाला स्थित आई.आर.बी द्वितीय के प्रशासनिक भवन का लोकार्पण एवं द्वितीय चरण के भवनों का शिलान्यास के दौरान मुख्यमंत्री धामी पुलिस को मुंगेरी लाल के सपने दिखाते हुए जब ब्रांड एंबेसडर की उपाधि से नवाजा तो पलिस अधिकारी तो फूलकर कुप्पा हो गए परन्तु बीस से सेवा कर रहे ग्रेड पे और प्रमोशन की लड़ाई बीच में छोड़ चुके कांस्टेबल जरुर अपने बाल नोच रहे होंगे। मुख्यमंत्री का पुलिस को ब्रांड एंबेसडर बताना पूर्णतः चुनावी एजेंडे का पार्ट नजर आया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में चार धाम यात्रा पूरे चरम पर है ऐसे में पुलिस की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। देश दुनिया से आने वाले श्रद्धालु देवभूमि से अच्छा संदेश लेकर जाएं यह सबकी जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि चार धाम यात्रा को लेकर सरकार लगातार मॉनिटरिंग कर रही है। मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि पुलिस विभाग नियमों का कड़ाई से पालन करें और अतिरिक्त सावधानी बरते। स्मार्ट पुलिसिंग के लिए तकनीक का अधिक से अधिक इस्तेमाल करें।मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड नवोदित राज्य है। प्रदेश 22वें साल में पहुंच गया है ऐसे में पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि एसओजी, एसटीएफ, साइबर सेल जैसे अलग-अलग शाखाओं में काम करने वाले पुलिसकर्मियों की स्पेशल ट्रेनिंग कराई जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने पुलिसकर्मियों के कोविड काल में किए गए कार्यों को प्रोत्साहित करते हुए 10 हज़ार रुपए की सम्मान राशि दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 1700 कांस्टेबल की भर्ती प्रक्रिया गतिमान है। सरकार आगे भी पुलिस जवानों की भर्ती प्रक्रिया कराएगी। उन्होंने कहा कि आईआरबी की 3 बटालियन के गैरसैंण में गठन के लिए जो प्रस्ताव आया है, सरकार उसका परीक्षण करवाएगी। अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने कहा कि सरकार सरलीकरण, समाधान और संतृष्टि के भाव से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस जवान हमेशा फर्स्ट रिस्पांडर के रूप में काम करते हैं और चार धाम में भी पुलिस अपनी भूमिका बखूबी निभा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मी यात्रियों के साथ विनम्रता का व्यवहार करें ताकि उत्तराखण्ड की छवि और बेहतर बनाया जा सके। अपर मुख्य सचिव ने पुलिस परिवार की महिलाओं और बच्चों पर विशेष ज़ोर देते हुए उनके कल्याण हेतु महत्वपूर्ण कदम उठाने के सुझाव दिए। कार्यक्रम पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने आईआरबी के गठन, उसके उपयोग एवं भविष्य के कार्य योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री धामी ने पुलिस कर्मियों को काम करने तो कह दिया, परन्तु कई वर्षों से आन्दोलन रत कांस्टेबलों के भविष्य के लिए कुछ भी न कहना पुलिस कांस्टेबलों के साथ घोर अन्याय नहीं तो क्या…? अपना उल्लू सीधा करने के लिए ब्रांड एंबेसडर तो बना दिया परन्तु हे उत्तराखंड के मुखिया उन कांस्टेबलों के बारे में भी दो शब्द कह देते तो शायद पुलिस कांस्टेबल तो दुवाएं देते साथ ही उनके परिजनों को भी आपके जुमलों पर भरोसा हो जाता।
सिविल इंजीनियर को दूसरी शादी करना तब भारी पड़ गया जब…..?
पलवल: पहली पत्नी को धोखा देकर दूसरी शादी रचाने की कोशिश एक इंजीनियर को भारी पड़ गई। हुडा सेक्टर-2 स्थित एक कालोनी में बरात लेकर पहुंचे इंजीनियर की पहली पत्नी ठीक फेरों के वक्त पहुंच गई और हंगामा खड़ा कर दिया। महिला अपने स्वजन के साथ शादी को रुकवाने पहुंची थी। पीड़िता ने डायल 112 पर सूचना देकर पुलिस को भी बुला लिया। फिलहाल काफी देर तक चले हंगामे के बाद विवाह को रुकवा दिया गया।
दिल्ली के माडल टाउन की रहने वाली पीड़िता प्रीति ने बताया कि 12 मार्च, 2020 को उनका विवाह फरीदाबाद के फतेहपुर बिल्लौच निवासी रोहित कुमार से आर्य समाज मंदिर में हुआ था। इसके बाद उन दोनों ने कोर्ट मैरिज भी की थी। रोहित कुमार सिविल इंजीनियर है।
विवाह के बाद वह एक महीने अपने पति के साथ रहीं। उन्होंने बताया कि उनके सास-ससुर उन्हें पसंद नहीं करते थे और प्रताड़ित करते थे। इस कारण उनका पति उन्हें बहाने से मायके छोड़ गया और दोबारा वापस लेने नहीं आया।
फिर उन्हें पता चला कि उनका पति नौ मई, 2022 को पलवल में एक युवती के साथ दोबारा विवाह कर रहा है। सूचना पाकर वह विवाह रुकवाने पहुंची। इस दौरान पति रोहित के मामा ने उन्हें धमकी भी दी।
भवन कुंड चौकी के प्रभारी जमील ने बताया कि उन्हें 112 डायल पर एक युवक के दूसरी शादी करने की शिकायत मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फिलहाल कोई शिकायत पुलिस को नहीं दी गई है। शिकायत आने पर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।