रिपोर्टर: Author
August 5, 2026
हाथरस रेपकांड के खिलाफ कांग्रेसियों का मोदी- योगी सरकारों के खिलाफ जबरदस्त प्रदर्शन
कोटद्वार। हाथरस सहित उत्तरप्रदेश के विभिन्न हिस्सों मेें बेटियों के साथ हो रहे बलात्कार एवं अत्याचार की घटनाओं पर आक्रोश व्यक्त करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कोटद्वार मे जबरदस्त जुलूस प्रदर्शन करते हुए मोदी योगी सरकारों के खिलाफ जबरदस्त हल्ला बोलते हुए पीड़ित परिवारों को न्याय दिये जाने एवं मुख्यमंत्री योगी से इस्तीफा दिये जाने की मांग को लेकर उपजिलाधिकारी के मामध्य से राष्ट्रपति को ज्ञापन प्रेषित किया।पूर्व काबीना मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी एवं महापौर श्रीमती हेमलता नेगी की अगुवाई एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनवर सिंह आर्य के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय से लेकर तहसील तक जुलूस निकालते हुए केन्द्र एवं उत्तरप्रदेश में सत्तासीन भाजपा सरकार की जोरदार खिलाफत करते हुए आक्रोश का प्रदर्शन किया। तहसील में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व काबीना मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी ने उत्तरप्रदेश की हाथरस एवं अन्य हिस्सों में बेटियों के साथ हो रहे अत्याचार की घटनाओं के लिए मोदी एवं योगी सरकारों को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढाओ को झूठा नारा देने वाली भाजपा सरकारें बेटियों की रक्षा करने में पूरी तरह से विफल रही है, वर्तमान में उत्तरप्रदेश में जंगल राज स्थापित हो गया है, योगी सरकार आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रही है, तथा मीडिया पर भी सेंसरशिप लगाते हुए पीड़ित परिवार से मिलने नहीं दिया जा रहा है,इसके अलावा राजनेताओं को पीड़ित परिवार से दूर ही रखा जाना योगी सरकार की हिटलर शाही को प्रदर्शित करता है। हाथरस की घटना ने पूरे देश को शर्मसार करते हुए मानवता को झकझोर कर रख दिया है, लेकिन योगी सरकार को राजधर्म की जरा भी चिंता नहीं है। हाथरस की बेटी के साथ दरिदों ने गैंगरेप करने के बाद उसकी रीड की हड्डी एवं जीभ काट डाली, इसके बाद पुलिस ने मृतक के शव को रात के अंधेरे में ही पेट्रोल छिडकर जला डाला, इस प्रकार की दरिंदगी को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं जा सकता है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति से योगी सरकार को बर्खाश्त करने एवं पीडित परिवारों को न्याय दिये जाने की मांग की है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष डा. चन्द्रमोहन खर्कवाल, महानगर अध्यक्ष संजय मित्तल, महानगर महिला अध्यक्ष शंकुतला चैहान, मीना बछुवाण, बीनीता भारती, देवेन्द्र सिंह, आशाराम, सुनीता बिष्ट, कृष्णा बहुगुणा, सुनीता धस्माना, रेखा, सावित्री, सीमा, सोनी, विमला रावत, शोभा गोयल, गीता, सबनम, पूजा त्यागी, मंजू, रमेश चंद्र खंतवाल, राजेन्द्र गुंसाई, यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अमित राज सिंह, कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष राकेश शर्मा, यूथ कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष विजय रावत, बलवीर सिंह रावत, रामचद्र सिंह रावत, गोपाल गुंसाई, राजेन्द्र असवाल, हेमचंद्र पंवार, छात्र संघ अध्यक्ष हिमांशू बहुखंडी, जितेन्द्र भाटिया, विजय नारायण सिंह, नीरज बहुगुणा, सूर्यमणि, सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
हाथरस सहित उत्तरप्रदेश के विभिन्न हिस्सों मेें बेटियों के साथ हो रहे बलात्कार एवं अत्याचार की घटनाओं पर आक्रोश व्यक्त करते कांग्रेस कार्यकर्ता।
————————————–
कोटद्वार में हाथरस की बेटी को न्याय के लिए विभिन्न संगठनों के साथ सडकों पर उतरा वाल्मीकि समाज
कोटद्वार।उत्तर प्रदेश के हाथरस में युवती के साथ हुई शर्मनाक घटना पर वाल्मीकि समाज भी सड़कों पर उतर आया है। शनिवार को नगर निगम कर्मचारी संघ के बैनर तले संघ से जुड़े लोगों ने कोटद्वार शहर मे जुलूस निकालकर पीड़िता व उसके परिवार को न्याय दिलाने व दोषियों को फांसी की सजा दिलाने की मांग की है। संघ के पदाधिकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उनकी मांग पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो उन्हें हड़ताल करने को बाध्य होना पड़ेगा और नगर निगम की सफाई व्यवस्था ठप होने की जिम्मेदारी शासन.प्रशासन की होगी। शनिवार को प्रदर्शन करते हुए वक्ताओं ने कहा कि यूपी के हाथरस में कुछ वीभत्स मानसिकता वाले दरिंदों द्वारा वाल्मीकि समाज एक युवती के साथ जघन्य अपराध किया गया लेकिन पुलिस प्रशासन ने बेशर्मी से मामले को रफा दफा करते हुए पीड़िता के परिजनों को बताए बगैर रात को ढाई बजे उसकी लाश को जला दिया। इस घटना से पूरे देश के वाल्मीकि समाज में भयंकर आक्रोश है। संघ के सदस्यों ने सरकार से पीड़िता के परिवार की जानमाल की सुरक्षा और उन्हें न्याय दिलाने की मांग की है। साथ ही उन दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ भी उचित कार्रवाई की भी मांग करता है जिन्होंने पीडीता की रिपोर्ट लिखने मे कोताही बरती। इस अवसर पर नगर निगम सफाई कर्मचारी संघ ने नगर निगम कोटद्वार की उप आयुक्त अंकिता जोशी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति और उत्तरप्रदेश के राज्यपाल को ज्ञापन दिया। प्रदर्शन करने वालों में संघ के अध्यक्ष शशि, उपाध्यक्ष धीरज गोडियाल, जितेंद्र गोडियाल, आशाराम, नरेन्द्र घाघट, अजय कैश्याल, सहित बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी शामिल रहे।
वहीं आप पार्टी से जुडे कार्यकर्ताओं ने भी हाथरस की बेटी को शीर्घं न्याय दिलाने के लिए बाल्मीकि समाज का समर्थन करते हुए प्रदर्शन मे सहयोग किया।सहयोग करनेवाले कार्यकर्ताओं मे राजेंद्र जजेडी,अरविंद वर्मा सहित कई कार्यकर्ता शामिल रहे।
——————————————–
राज्य खेल फुटबॉल को उच्च वरीयता में रखने की मांग
कोटद्वार।अंतर राष्ट्रीय एसजीएफआई फुटबाल कोच व राइंका कुंभीचैड़ के शारीरिक शिक्षक सुनील रावत ने प्रदेश सरकार से राज्य खेल फुटबॉल को उच्च वरीयता में रखने की मांग की है। इस में उन्होंने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी भेजा। ज्ञापन में कहा गया है कि फुटबॉल का खेल देश के अन्य राज्यों की तरह उत्तराखण्ड में भी बहुत प्रसिद्ध है और लगभग सभी 13 जिलों में खेला जाता है। 2011 में तत्कालीन भाजपा के शासनकाल में फुटबॉल खेल को राज्य खेल का दर्जा दिया गया है। इसके अलावा उत्तराखण्ड ने कई बेहतरीन खिलाड़ी देश को दिये हैं साथ ही राज्य की विद्यालयी टीमों ने कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं जीतकर अपने राज्य का नाम गौरवान्वित किया है। किन्तु अब 2020 में जो खेल नीति प्रदेश सरकार द्वारा संशोधित की जा रही है उसमें फुटबॉल खेल को द्वितीय वरीयता क्रम में रखा गया है। जिससे खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों में काफी निराशा एवं असन्तोष पनप रहा है। उन्होंने शासन से राज्य में फुटबॉल खेल की उपलब्धियों के देखते हुए उच्च वरीयता में ही रखने की मांग की है।



