स्पीकर ॠतु खंडूड़ी ने कोटद्वार मे विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक ली
कोटद्वार 4 अप्रैल। उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण ने सोमवार को कोटद्वार में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों एवं योजनाओं की समीक्षा के अतिरिक्त क्षेत्र की मुख्य समस्याओं के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली।
लैंसडौन वन प्रभाग के पनियाली गेस्ट हाउस में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान वन, स्वास्थ्य, लघु सिंचाई, पुलिस प्रशासन, श्रम, पेयजल निगम, नगर निगम एवं पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारीयों के साथ कोटद्वार विधानसभामें हो रहे विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की ।
समीक्षा बैठकके दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने स्वास्थ्य विभाग से बेस हॉस्पिटल की समस्याओं के बारे में जाना, उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को फटकार भी लगाई कि क्यों बेस हॉस्पिटल रेफरल सेंटर की भांति कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि बेस हॉस्पिटल में जो भी समस्याएं हैं अधिकारी उन्हे समय से अवगत कराएं । वन विभाग के अधिकारियों से जंगली जानवरों से फसलों एवं आमजन के बचाव एवं मुआवजा संबंधित विषय पर जानकारी ली। उद्यान विभाग के अधिकारियों से उद्यान विभाग द्वारा कृषकों को दी जा रही राज्य सरकार और केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभ के बारे में जानकारी ली| पुलिस प्रशासन से कानून व्यवस्था मजबूत रखने एवं महिलाओं की सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए । श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों को बांटे जा रहे श्रमिक किट्स के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने अवैध खनन को रोकने के लिए कार्यवाही करने पर राजस्व और वन विभाग को कार्यवाही करने के लिए कहा ।
विधानसभा अध्यक्ष ॠतु खंडूड़ी ने विभागीय अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्यों में पूर्ण गुणवत्ता,पारदर्शिता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाय। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के संचालन को प्रभावी बनाए। पात्र व्यक्तियों को योजना का पूरा लाभ मिले यह सुनिश्चित करना विभाग की जिम्मेवारी है । विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सरकार की मंशा जमीनी स्तर पर योजनाएं सुचारु तरीके से चलाई जाए। सभी योजनाओ का क्रियान्वयन समयबद्धता के साथ हो, यह सबका प्रयास होना चाहिए। उन्होंने कहा की जनता को काफी अपेक्षाएं होती हैं। जन अपेक्षाओं के समाधान के प्रति संवेदनशीलता से कार्य किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि कार्य प्रणाली के सरलीकरण एवं समस्याओं के समाधान की भावना के साथ ही यदि सभी अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे तो जनता में सरकार के प्रति और भी अधिक विश्वास का भाव जागृत होगा।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि विभागीय अधिकारियों की बैठक उन्होंने क्षेत्र में संचालित योजनाओं एवं समस्याओं को समझने की कोशिश की है। क्षेत्र में क्या परेशानियां हैं एवं उनका किस प्रकार से निदान होगा इस संबंध में अधिकारियों से बातचीत की है, उन्होंने कहा कि आज की समीक्षा बैठक के 15 दिन बाद दोबारा अधिकारियों से बैठक कर निर्देशों पर विभागीय अधिकारियों द्वारा की गई कार्यवाही के बारे में जानकारी ली जाएगी।
इस अवसर पर पुलिस क्षेत्राधिकारी गणेश लाल कोहली, पुलिस क्षेत्राधिकारी (ऑपरेशन) वैभव सैनी, श्रम विभाग के अधिकारी सीपी जुयाल, श्रम विभाग के प्रशासनिक अधिकारी कमल कुमार, उद्यान विभाग के उद्यान निरीक्षक भारत सिंह नेगी, स्वास्थ्य विभाग से डॉ कुमार आदित्य तिवारी, बेस चिकित्सालय से सुनील कुमार भंडारी, प्रभागीय वन अधिकारी कालागढ़ प्रकाश चंद्र आर्य, पशुपालन के अधिकारी डॉक्टर बीएम गुप्ता, कृषि विभाग से सहायक कृषि अधिकारी मुकेश कुमार त्यागी, लघु सिंचाई अधिशासी अभियंता मुकेश दत्त सहित अन्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे ।
नारी शक्ति स्वरूपा है, समाज और देश इनकी मदद के बिना तरक्की नहीं कर सकता- ॠतु खंडूड़ी
संगठन द्वारा विधानसभा अध्यक्ष को मांगपत्र सौंपते हुए अपनी कुछ समस्याओं के समाधान के लिए आग्रह किया गया, जिसमें हड़ताल पर रहने के कारण उस अवधि का मानदेय मुख्यमंत्री के आदेश के बावजूद भी न दिए जाने, पिछले 1 वर्ष से भवन किराए ना दिए जाने के कारण आंगनबाड़ियों के सामने विकट समस्या का उत्पन्न होना, बैठक एवं ट्रेनिंग में आने जाने हेतु यात्रा भत्ता दिए जाने साथ ही सेवानिर्वित्त होने के पश्चात मासिक पेंशन दिए जाने संबंधित विषयों पर सरकार के समक्ष बात रखने का अनुरोध किया गया। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने भी आंगनवाड़ी कार्यकर्ती संगठन को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनके द्वारा दिए गए मांग पत्र में जो भी मांगे की गई है उसको वह सरकार के समक्ष रख कर सकारात्मक हल निकालने का प्रयास करेंगी।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि नारी शक्ति स्वरूपा है, समाज और देश इनकी मदद के बिना तरक्की नहीं कर सकता, इसलिए हमें महिलाओं को बराबरी का दर्जा देना होगा। उन्होंने कोरोना काल में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा दिये गये योगदान को याद करते हुए कहा कि कोरोना काल में जहां अपने भी साथ छोड़ रहे थे, ऐसे में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं मैदानी स्तर पर कोरोना के विरूद्ध जंग छेड़कर सुपोषण के साथ ही कोरोना टीकाकरण, कोरोना मरीजों की सहायता, दवाईयों के वितरण, विभागीय कार्यों के सम्पादन करने के लिये अनवरत कार्य कर रहीं थीं। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सम्मान के पात्र हैं।
इस अवसर पर संगठन के अध्यक्ष उषा गोस्वामी, उपाध्यक्ष अंबिका रावत, सचिव पुष्पा नेगी, कोषाध्यक्ष रोशनी देवी, प्रांतीय सदस्य बसंती रावत सहित अन्य महिलाएं उपस्थित रही।
राजस्व विभाग और खनन विभाग की बडी कार्यवाही
राजस्व विभाग और खनन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा स्टोन क्रेशर सीज
उपजिलाधिकारी श्रीनगर अजयवीर सिंह तथा उपनिदेशक खनन दिनेश कुमार के नेतृत्व में राजस्व विभाग और खनन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा श्रीनगर स्थित अक्षता स्टोन क्रशर का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के उपरांत उक्त क्रश द्वारा स्टोन क्रशर नीति और खनन नियमावली के मानकों के अनुरूप संचालित ना होने के चलते संबंधित क्रशर को सीज कर दिया गया। इससे पहले 01 अप्रैल, 2022 को भी राजस्व विभाग की टीम द्वारा उक्त क्रशर का स्थलीय निरीक्षण किया गया था जिसमें राजस्व विभाग की टीम द्वारा क्रशर से जुड़ी भूमि अभिलेख, कच्चे रास्ते, इलेक्ट्रॉनिक मीटर, पानी के प्रॉपर छिड़काव, अभिलेख रिकॉर्ड इत्यादि से संबंधित नकारात्मक आख्या उप जिलाअधिकारी को उपलब्ध कराई थी।
उप जिलाधिकारी श्रीनगर अजयवीर सिंह ने राजस्व टीम को साथ व खनन विभाग द्वारा उपनिदेशक दिनेश कुमार के नेतृत्व में टीम को साथ लेकर संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया। जिसमें पूर्व में दर्शायी गई नकारात्मक आंख्या सही पाई गई। इसके अतिरिक्त संयुक्त टीम द्वारा क्रशर स्थल पर मानक से अधिक भंडारण भी पाया गया और क्रशर नीति और खनन नियमों का उल्लंघन पाए जाने के चलते उसे सीज कर दिया गया। इस दौरान संयुक्त निरीक्षण में उपजिलाधिकारी श्रीनगर अजयवीर के साथ उपनिदेशक खनन दिनेश कुमार सहित राजस्व विभाग और खनन विभाग की संयुक्त टीम उपस्थित रही।


