सावधान….! मैरिज ब्यूरो के माध्यम से शादी करने के इच्छुक….
अविवाहित युवाओं को शिकार बना रही शातिर युवतियों का गिरोह
शातिर युवतियों का मैरिज ब्यूरो कई राज्यों में युवाओं को बना चुका शिकार
मैरिज ब्यूरो के नाम पर ठगी का नया डिजिटल फार्मूला
शादी के सपने देखने की हर युवा की ख्वाहिश होती है, साथ ही हर युवा माता पिता की भी अपने बच्चों के परिवार बसाने की दिली ख्वाहिश भी. अब शादी जैसे पवित्र बंधन में जालसाजी, फरेब और धोखाधड़ी होने लगे तो शादी करने वाले युवा से लेकर माता पिता पर क्या गुजरेगी….?
आज आपको कुछ ऐसे ही शादी विवाह के नाम पर खुली दुकानों की जानकारी देने जा रहे हैं जहाँ शादी के इच्छुक और जरुरत मंद युवावों को फिल्मी अंदाज में लुभाकर जमकर चूना लगाया जा रहा है.
मिली जानकारी के अनुसार मेरठ जिले के एक “शादी-संगीत मैरिज ब्यूरो” नाम के मैरिज ब्यूरो के संचालक अपने आफीस को अंदर से फिल्म के सेट की तरह सजाकर शादी के इच्छुक युवाओं को फिल्मी अंदाज में लुभाकर भविष्य के रंगीन सपने दिखाने काम करते हैं। मैरिज ब्यूरो पर युवाओं को लुभाने के लिए अक्सर मंगेतर के किरदार बदलते हैं। हिमानी, कनिका, शिवानी और साक्षी शर्मा मंगेतर का रोल भी पूरे शिद्दत के साथ अदा करती है। पुलिस पूछताछ में लड़कियों ने बताया कि आठ से दस बार मंगेतर का रोल कर चुकी हैं। मंगेतर बनने के बाद युवकों से फोन पर बातचीत में ही 50 से 60 हजार रुपये तक वसूल कर लेती है। इसके बाद रकम का हिस्सा सभी में बराबर बांटा जाता है। पुलिस इस गैंग के आरोपित आशु और चिराग की तलाश में दबिश दे रही है।
पुलिस ने बताया कि गाजियाबाद के युवक ने इस संबंध में पुलिस से शिकायत की थी. मेडिकल पुलिस की टीम ने गाजियाबाद के विजय नगर थानाक्षेत्र के प्रताप विहार निवासी रामानंद पाठक की शिकायत पर तेजगढ़ी स्थित लवबाइट पर छाप मारकर हिमानी, शिवानी, साक्षी शर्मा और कनिका को पकड़ लिया है। पीवीएस के पास शादी-संगीत मैरिज ब्यूरो में इन लड़कियों को शादी के लिए दिखाया जाता था। थाने में लड़कियों ने मंगेतर का रोल अदा कर दिखाया। सामने वाले युवक को जरा भी शक नहीं हो पाता है तो रिश्ता तय करने की सभी रस्म भी पूरी की जाती
आशु सौदेबाजी करता है, जबकि चिराग पंडित की भूमिका निभाता है। थाना प्रभारी योगेंद्र कुमार ने बताया कि एक युवक से मंगेतर बनकर युवतियां 50 से 60 हजार रुपये हासिल कर लेती थीं। पता चलने पर मोबाइल सिम तोड़कर फेंक दिया जाता था। उसके बाद भी कोई पीछा करता तो उसे छेड़छाड़ में फंसाने की धमकी दी जाती थी। इसी डर से काफी लोग शिकायत करने की हिम्मत तक नहीं जुटा पाते थे।
तीन माह में 20 से अधिक युवकों को बनाया शिकार
शादी संगीत मैरिज ब्यूरो में तीन माह में ही 20 से अधिक युवकों को शिकार बनाया गया है, लेकिन कोई भी उनके खिलाफ शिकायत करने की हिम्मत नहीं जुटा पाया। थाना प्रभारी योगेंद्र का कहना है कि पकड़ी गईं तीनों युवतियों के परिवार के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने बताया कि शहर में अन्य स्थानों पर भी ऐसे मैरिज ब्यूरो संचालित हो रहे हैं, जिनके नाम भी पुलिस ने जुटा लिए हैं। शीघ्र ही अन्य मैरिज ब्यूरो पर भी कार्यवाही कर धोखाधड़ी के इस जाल को हटाया जाएगा.
