शांतिपूर्ण ढ़ग से मतदान प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी: जिला निर्वाचन अधिकारी
जनपद के सात निकायों के 187 मतदान स्थलों पर 1,73,565 मतदाता करेंगे अपने मत का प्रयोग
187 पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्र तक पहुंचाने के लिए 126 चौपहिया वाहन तैयार
22 जनवरी, 2025 से पोलिंग पार्टियों की होगी रवानगी
86342 महिला, 87181 पुरूष मतदाता तथा 42 अन्य मतदाता करेंगे सात निकाय उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य का फैसला
सात निकायों में कुल 107 वार्डो के लिए 128 मतदान केंद्र, जबकि 187 मतदेय स्थल , नगर निगम कोटद्वार 40 वार्डो के लिए 108 मतदेय स्थल व श्रीनगर 40 वार्डो के लिए 43 मतदान स्थलों की व्यवस्था
सूचना/पौड़ी/21 जनवरी, 2025: जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि नगर निकाय सामान्य निर्वाचन-2025 के मतदान को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। सभी पोलिंग पार्टियों को निर्वाचन सामग्री किट उपलब्ध करा दी गई है। सभी पोलिंग पार्टियां मतदान प्रक्रिया को संपन्न कराने के लिए बुधवार 22 जनवरी 2025 को निर्धारित रवानगी स्थलों से अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना होगी। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सभी मतदान केंद्रों पर शांति एंव सुरक्षा व्यवस्था सुरक्षा कर्मियों की तैनाती कर सुनिश्चित कर ली गई है। उन्होंने सभी आरओ, एआरओ, जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिये हैं कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करते हुए मतदान प्रक्रिया को पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जनपद क्षेत्रांतर्गत सभी सात निकायों में कुल 01 लाख 73 हजार 565 मतदाता अपने मतदान का प्रयोग करेंगे। जिसमें 86342 महिला, 87181 पुरूष मतदाता तथा 42 अन्य मतदाता शामिल हैं। कहा कि जनपद क्षेत्रांतर्गत सभी सात निकायों में कुल 107 वार्डो के लिए 128 मतदान केंद्र, जबकि 187 मतदेय स्थल बनाए गये हैं। जिसमें नगर निगम कोटद्वार 40 वार्डो के लिए 108 मतदेय स्थल व श्रीनगर 40 वार्डो के लिए 43 मतदान स्थल बनाए गये हैं। जबकि नगर पालिका परिषद पौड़ी के 11 वार्डो के लिए 20, दुगड्डा के 04 वार्डो के लिए 04 मतदान केंद्र बनाये गये हैं। वहीं नगर पंचायत सतपुली, थलीसैंण व जौंक के 04-04 वार्डो के लिए 04-04 मतदेय स्थल बनाये गये हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निकाय निर्वाचन को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सभी मतदान व मतगणना कार्मिकों को प्रशिक्षण दे दिया गया है। कहा कि निर्वाचन में लगे सभी कार्मिकों को राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा दिशा-निर्देशों से अवगत करा दिया गया है।
उन्होंने बताया कि पोलिंग पार्टियों को मतदान स्थल तक पहुंचाने के लिए कुल 126 चौपहिया वाहनों की व्यवस्था की गई है। परिवहन विभाग के तकनीकी अधिकारियों द्वारा सभी वाहनों के फिटनेस की जांच कर ली गई है।
निकाय निर्वाचक नामावली में शामिल मतदाता अधिकृत 25 प्रकार के पहचान पत्रों में से कोई भी एक पहचान पत्र से कर सकते हैं मतदान
पौड़ी/21 जनवरी, 2025: नगर निकाय सामान्य निर्वाचन-2025 में अपना मताधिकार का प्रयोग करने जा रहे सभी मतदाताओं से जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अपील जारी करते हुए कहा कि सभी मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र के इस स्थानीय पर्व (लोकल बॉडी इलेक्शन) के साक्षी बने।
उन्होंने कहा कि निकाय निर्वाचक नामावली में शामिल कोई भी मतदाता कुल 25 प्रकार के पहचान पत्रों में से कोई एक पहचान पत्र अपने साथ लाकर मतदान का प्रयोग कर सकता है। कहा कि पहचान पत्रों के रूप में आधार कार्ड, भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्वाचक फोटो पहचान-पत्र, पासपोर्ट, ड्राईविंग लाइसेंस, आयकर पहचान-पत्र (पैन कार्ड), राज्य/केन्द्र सरकार, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम, स्थानीय निकाय या अन्य निजी औद्योगिक घरानों द्वारा उनके कर्मचारियों को जारी किये जाने वाले सेवा पहचान पत्र, बैंक/डाकघर पास-बुक, राशन कार्ड, भूमि-भवन रजिस्ट्रीकृत दस्तावेज/भवन कर बिल, छात्र पहचान-पत्र/लाईब्रेरी कार्ड, सक्षम अधिकारी द्वारा जारी अनु०जाति/अनु० जनजाति/अन्य पिछड़ा वर्ग प्रमाण-पत्र, शस्त्र लाईसेंस, पेंशन दस्तावेज/पेंशन अदायगी दस्तावेजा, भूतपूर्व सैनिक विधवा/आश्रित्त प्रमाण-पत्र, रेलवे/बस पास, दिव्यांग प्रमाण-पत्र, स्वतंत्रता सेनानी पहचान-पत्र, टेलीफोन बिल/पानी का बिल/बिजली का बिल, दुकान पंजीकरण पत्र, गैस कनेक्शन (ब्ल्यू बुक), अन्नपूर्णा योजना कार्ड, परिवहन प्राधिकारियों द्वारा जारी संवाहक लाइसेंस, परिवार रजिस्टर के यथा सत्यापित उद्धरण, निवास का प्रमाण-पत्र, राज्य पुलिस द्वारा बस्तियों में जारी पहचान-पत्र तथा विधान सभा निर्वाचन की भांति लेखपाल/सम्बन्धित ग्राम में तैनात अध्यापक को निर्वाचक की पहचान हेतु आयोग द्वारा अधिकृत किया गया है।
मतदान के 24 घंटे पूर्व से मतदान समाप्ति व मतगणना दिवस पर मदिरा दुकानें रहेंगी बंद
पौड़ी/21 जनवरी, 2025: नगर निकाय चुनाव की 23 जनवरी को होने वाले मतदान प्रक्रिया के 24 घंटे पूर्व व 25 जनवरी मतगणना के दिन जनपद के समस्त मदिरा दुकानें पूर्ण रूप से बंद रहेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी व जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि राज्य चुनाव आयोग के दिशा निर्देशानुसार 23 जनवरी को नगर निकाय चुनाव के मतदान से 24 घंटे पूर्व यानि 22 जनवरी व 23 जनवरी को मतदान समाप्ति तक और 25 जनवरी मतगणना के दिन जनपद के अंतर्गत समस्त विदेशी मदिरा दुकानें, सैन्य केंटीन, गोदाम, बॉटलिंग प्लांट सहित अन्य पूर्ण रूप से बंद रहेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित क्षेत्रों के आबकारी निरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्र अंतर्गत नियमित चेकिंग करने के निर्देश दिये हैं।


