मुख्यमंत्री धामी से कोटद्वार जिला बनाने की वकालत की, स्पीकर खंडूड़ी ने
कोटद्वार में उप जिलाधिकारी की नियमित रूप से तैनाती, बेस हॉस्पिटल कोटद्वार में रिक्त पड़े मेडिकल स्टाफ के पदों को भरे जाने, तहसील में स्टाफ की कमी को पूरा किए जाने की मांग
देहरादून 23 अप्रैल। उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कोटद्वार जिला बनाने के जिन्न को एक बार फिर से बोतल के बाहर निकाल कर कोटद्वार की राजनीति को चर्चाओं में ला दिया है। जब से ऋतु खंडूड़ी को विधानसभा स्पीकर का दायित्व मिला है निःसंदेह उन्होंने कोटद्वार की नब्ज जिला बनाने का मामला हो, लालढांग चिल्लरखाल मोटर मार्ग हो को बखूबी सदन से लेकर व्यक्तिगत संबंधों से उच्च स्तर पर उठाकर कोटद्वार की जनता के दिलों में जगह बनानी शुरू कर दी है। स्पीकर ऋतु खंडूड़ी और पूर्व यमकेश्वर विधायक की कार्यशैली में कोटद्वार और यमकेश्वर के लोगों को अंतर दिखाई दे रहा है। शनिवार आज स्पीकर ऋतु खंडूड़ी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास पर शिष्टाचार भेंट कर कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र से संबंधित विकास कार्यो एवं समस्याओं के बारे में मुख्यमंत्री से विस्तार से चर्चा की।
शिष्टाचार भेंट के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को पौधा भेंट किया। इस दौरान मुख्यमंत्री एवं विधानसभा अध्यक्ष के बीच काफी लंबी वार्ता हुई। विधानसभा अध्यक्ष ने कोटद्वार को जिला बनाए जाने के संबंध में मुख्यमंत्री को प्रमुखता से विचार करने का आग्रह किया। वहीं विधानसभा अध्यक्ष ने कोटद्वार में उप जिलाधिकारी की नियमित रूप से तैनाती किए जाने, बेस हॉस्पिटल कोटद्वार में रिक्त पड़े मेडिकल स्टाफ के पदों को भरे जाने, तहसील में स्टाफ की कमी को पूरा किए जाने सहित अन्य समस्याओं पर वार्ता की एवं इस संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र भी सौंपे| इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने क्षेत्र के अंतर्गत संचालित होने वाली विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों के संबंध में मुख्यमंत्री से बातचीत की| विधानसभा अध्यक्ष ने आगामी बजट सत्र को लेकर भी चर्चा वार्ता की| मुख्यमंत्री ने विधानसभा अध्यक्ष द्वारा बताई गई सभी समस्याओं एवं विषयों पर सकारात्मक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया|
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी की मंगला माता से शिष्टाचार भेंट
देहरादून 23 अप्रैल। उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण ने आज हंस फाउंडेशन की परमाध्यक्ष मंगला माता जी से देहरादून स्थित उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने मंगला माता से कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र से संबंधित विभिन्न विषयों पर वार्ता की।
विधानसभा अध्यक्ष ने मंगला माता से शिष्टाचार भेंट के दौरान उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। ऋतु खंडूडी ने कोटद्वार विधानसभा से संबंधित विभिन्न विषयों के लिए हंस फाउंडेशन के सहयोग की अपेक्षा की। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा की फाउंडेशन पूरे देश में गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को अपनी छत्रछाया में नया जीवन और उनकी अभिलाषाओं को पूर्ण करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इस दौरान मंगला माता ने भी विधानसभा अध्यक्ष को आश्वस्त करते हुए कहा कि समाज सेवा एवं जरूरतमंदों की सेवा के लिए वह हर पल उनके साथ है।