मुख्यमंत्री धामी मामा और रेखा बुआ के रूप में बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए संकल्पबद्ध-रेखा आर्या
वात्सल्य लाभार्थियों को रू० 5,29,29,000/- का भुगतान अविलंब जारी करने के निर्देश
देहरादून: उत्तराखंड सरकार में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने विभागीय सचिव को पत्र जारी करते हुए उन्हें मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के लाभार्थियों के खातों में धनराशि अविलंब हस्तांतरित करने के निर्देश दिए हैं। विभागीय सचिव को जारी पत्र में कहा गया है कि लोक सभा चुनाव-2024 में आदर्श आचार संहिता लागू हो जाने के कारण वात्सल्य योजना का लाभ प्राप्त करने वाले बच्चो के खातों में विगत 3 माह मार्च,अप्रेल और मई जिसमे क्रमशः 5917, 5864 एवं 5862 लाभार्थी सम्मलित हैं उनके खाते में धनराशि नही डाली जा सकी है। ऐसे में विभागीय सचिव जल्द से जल्द वात्सल्य लाभार्थियों को देय धनराशि रू० 5,29,29,000/- का भुगतान अविलंब जारी करना सुनिश्चित करें।
विभागीय मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि यह एक महत्वाकांक्षी योजना है। यह योजना कोरोना काल मे शुरू की गई थी। जिसका लाभ हमारे राज्य के ऐसे नौनिहाल जिन्होंने अपने माता-पिता को किन्ही कारणवश खोया है प्राप्त करते हैं। लेकिन राज्य में आचार संहिता लगने के कारण यह धनराशि उनके खातों में हस्तांतरित नही हो पाई थी। चूंकि अब आचार संहिता हट गई है,ऐसे में सचिव को निर्देश दिए गए हैं कि विगत 3 महीने मार्च,अप्रैल और मई माह की राशि को अविलंब नौनिहालों के खातों में भेजे। कहा कि मुख्यमंत्री धामी जी मामा और वह स्वयं बुआ के रूप में बच्चों के साथ सदैव मजबूती के साथ खड़े हैं।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जनपद स्तरीय योग महोत्सव की तैयारियां शुरू
पौड़ी / कोटद्वार : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर जिला कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में मुख्य विकास अधिकारी अपूर्वा पांडे की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि योग दिवस को सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करना होगा।
जनपद स्तर पर 21 जून को सुबह 6ः30 बजे जिला मुख्यालय स्थित रांसी स्टेडियम में योग दिवस का आयोजन किया जायेगा। योग महोत्सव को सफल बनाने के लिए सभी अधिकारी/कर्मचारी आयोजन स्थल पर उपस्थित रहेंगे। योग महोत्सव के सफल आयोजन हेतु उन्होंने खेल विभाग, शिक्षा विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक तैयारी करने के निर्देश दिए।
बैठक में डीएफओ गढ़वाल स्वप्निल अनिरुद्ध, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ0 के0 एस0 नपच्याल, मुख्य शिक्षा अधिकारी दिनेश चंद्र गौड़, ईओ नगर पालिका गौरव भसीन, जिला क्रीड़ा अधिकारी संदीप डुकलान सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।


