मेनू
News

महावीर चक्र विजेता शहीद राइफल मैन जसवंत सिंह रावत का शौर्य दिवस समारोह

Reporter
रिपोर्टर: Author August 5, 2026

 महावीर चक्र विजेता शहीद राइफल मैन जसवंत सिंह रावत  के शौर्य दिवस समारोह


  जनपद गढ़वाल के बीरोंखाल अन्तर्गत ग्राम दुनाऊ में आयोजित  शहीद राइफल मैन जसवंत सिंह रावत  के शौर्य दिवस समारोह में केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने  मुख्य अतिथि एवं प्रदेश के सैनिक कल्याण, औद्योगिक, विकास लघु सूक्ष्म एवं मध्यम उद्यम तथा ग्रामोद्योग मंत्री गणेश जोशी विशिष्ट अतिथि व विधायक दिलीप रावत ने प्रतिभाग करते हुए, दीप प्रज्ज्वलित एवं शहीद जसवंत सिंह रावत  के चित्र पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। शहीद के परिजनों को अंग वस्त्र ओढाकर व फूल माला से सम्मानित किया। इस दौरान उपस्थित अतिथियों ने स्मारिका ‘हीरो ऑफ नेफा‘ का विमोचन किया। सम्मानित होने वालो में शहीद के छोटे भाई विजय सिंह रावत, बहु मधु रावत, बहिन राजेश्वरी नेगी एवं रेनु बिष्ट शामिल हैं। शहीद के घर को संग्रालय बनाने, हेलीपैड बनाने एवं मैदान के सौन्दर्यकरण करने की बात की। धामी सरकार, प्रदेश के शहीद सैनिकों के परिवार के एक सदस्य को नौकरी दे रही है। देहरादून में शहीद सैन्य धाम बनाये जा रहे है, जिसमें शहीद महावीर चक्र विजेता जसवंत सिह रावत एवं शहीद हर भजन सिंह का शहीदी मंदिर बनाये जायेंगे।

केंद्रीय रक्षा राज्य तथा पर्यटन मंत्री श्री भट्ट ने अपने संबोधन में महावीर चक्र विजेता शहीद जसवंत सिंह रावत को स्मरण करते हुए उनके शौर्य और वीरता का गुणगान करते हुए कहा कि वीर जसवंत सिंह रावत ने जनपद के साथ-साथ उत्तराखंड तथा पूरे देश का नाम रोशन किया है। जिससे दुश्मन देशों की सेनाएं आज भी इस प्रणाम करती हैं। वीर जसवंत सिंह रावत के शौर्य और पराक्रम को लेकर प्रदेश सरकार की ओर से देहरादून में उनकी एवं वीर सैनिकों की स्मृति में सैन्य धाम का निर्माण कर रहा है। उन्होंने कहा कि देहरादून में बनने वाले सैन्य धाम में महावीर चक्र विजेता जसवंत सिंह रावत और वीर सैनिक हरभजन सिंह की स्मृति में मंदिरों का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वीर जसवंत सिंह के साथ दो अन्य जो जवान साथ में थे, उनका नाम भी इतिहास के पन्नों पर जोड़कर लोगों को प्रेरित किया जाना चाहिए। रक्षा राज्यमंत्री ने कहा कि पौड़ी जनपद के बीरोंखाल क्षेत्र को वीर भूमि के नाम से जाना जाता है। यहां पर  वीरांगना तीलू  रौतेली से लेकर वीर शहीद जसवंत सिंह जैसे सपूतों ने जन्म लिया है।

 इस मौके पर वीर शहीद जसवंत सिंह रावत स्मृति ट्रस्ट के आयोजकों ने केंद्र राज्य रक्षा मंत्री अजय भट्ट से कार्यक्रम स्थल के सौंदर्य करण व कार्यक्रम स्थल तक मोटर मार्ग के निर्माण की मांग की। जिस पर केंद्र राज्य मंत्री ने आयोजकों को लिखित रूप में अपनी सभी मांगों को प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व में बीरोंखाल क्षेत्र के दुनाव का समुचित विकास किया जाएगा, साथ ही आने वाले समय में वीर शहीद जसवंत सिंह रावत की स्मृति में आयोजित होने वाले इस समारोह को और अधिक भव्य बनाया जाएगा। इसके लिए उन्होंने जिला प्रशासन को भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए।



  इस मौके पर बतौर सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास मंत्री गणेश जोशी ने क्षेत्रीय जनता की मांग पर दुनाऊ में हेलीपैड निर्माण तथा वीर शहीद जसवंत सिंह रावत के पैतृक घर को संग्रहालय के रूप में विकसित करने की बात कही साथ ही उन्होंने कार्यक्रम स्थल के मैदान को सौंदर्य करण करने की भी बात कही उन्होंने कहा कि यह कार्य शीर्ष प्राथमिकता में पूर्ण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी फौज में रहकर देश की सेवा कर चुके हैं । इसलिए उन्हें सैनिकों के सभी भावनाओं की भली-भांति जानकारी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के सही निर्णय के फलस्वरूप यहां के सैनिकों को पूरी सैन्य सुविधाएं दी जा रही है, साथ ही शहीद होने पर परिजनों को सरकारी नौकरी भी दी जा रही है।



  इस अवसर पर स्थानीय विधायक महंत दिलीप रावत ने वीर शहीद जसवंत सिंह रावत को स्मरण कर उनकी शहादत को देश की सच्ची सेवा बताया। उन्होंने कहा कि वीर जसवंत सिंह आज भी बॉर्डर पर सैनिकों के लिए उसी सैन्य भावना के साथ तैनात रहते हैं। यही नहीं वीर जसवंत सिंह आज भी 1962 चीन युद्ध की भांति भारतीय सेना के जवानों के लिए मार्गदर्शन का कार्य भी करते हैं। यही कारण है कि वीर जसवंत सिंह रावत को आज तक भारतीय सेना में यथोचित सम्मान प्राप्त होता रहता है उन्होंने कहा कि उनकी विधानसभा क्षेत्र के दुनाव में वीर जसवंत सिंह रावत को अपना आदर्श मानकर युवा आज भी भारतीय सेना में निस्वार्थ भाव से सेवाएं कर रहे हैं। 

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत शाह, उपजिलाधिकारी, जे एस आर (हीरो ऑफ नेफ़ा) मेमोरियल ट्रस्ट के पदाधिकारी, पूर्व सैनिक व ग्रामीण सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

 नूरानांग दिवस पर गढ़वाल राइफल्स के मुख्यालय पहुंचे रक्षा राज्यमंत्री, अजय भट्ट

इससे पूर्व मा. रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट नूरानांग दिवस पर गढ़वाल राइफल्स के मुख्यालय पहुंचे। उन्होने गढ़वाल रेजीमेंट के युद्ध स्मारक में शहीदों को पुष्प चक्र अर्पित करके श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होने कहा कि सैनिकों के त्याग, बलिदान के कारण ही आज सारे देश की जनता चैन की सांस ले पा रही है। उन्होंने कहा कि सेना को मजबूत बनाने के लिए मोदी सरकार हर तरह से आगे बढ़ रही है। देहरादून में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर बनने वाला सैन्यधाम इस प्रदेश का न सिर्फ पांचवा धाम होगा, बल्कि प्रदेश वासियों को इस बात का गर्व है कि जिस प्रदेश का हर दूसरा नागरिक सैन्य पृष्ठभूमि से जुड़ा है। उस प्रदेश में सैन्य धाम का निर्माण हो रहा है।

मा. रक्षा राज्य मंत्री जी ने गढ़वाल राइफल्स रेजीमेंट सेंटर के दरबार सिंह संग्रहालय का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वे गढ़वाल रेजीमेंट की ओर से आजादी के बाद एवं पूर्व में लड़े गए सभी युद्धों में दुश्मनों से जीत कर लाएं गए हथियारों एवं लैंसडौन नगर के स्वर्णिम इतिहास की यादों से रूबरू हुए। गढ़वाल राइफल्स रेजीमेंट सेंटर के युद्ध स्मारक पहुंचकर उन्होने शहीद सैनिकों को पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

इस दौरान गढ़वाल राइफल्स के ब्रिगेडियर हरमीत सेठी, अपर जिलाधिकारी पौड़ी ईलागिरी, उप जिलाधिकारी स्मृता परमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी कोटद्वार अनिल जोशी, कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह कुंवर आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।


कोटद्वार कांग्रेस ने भी महावीर चक्र विजेता शहीद जसवंत सिंह को किया याद 



कोटद्वार। बुधवार को गढ़वाल के वीर सैनिक और दुश्मनों को लोहे के चने चबवाने के लिए विवश करने वाले महावीर चक्र विजेता शहीद जसवंत सिंह की याद में कोटद्वार कांग्रेस ने पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित किया और शहीद के चित्र पर पुष्पांजलि कर कांग्रेस कार्यालय से झंडा चौक तक गर्मजोशी के साथ रैली निकाल कर वीर सैनिक शहीदों के जोशिले नारों से शहीदों को श्रृद्धांजलि दी। इस अवसर पर पूर्व सैनिकों ने शहीद जसवंत सिंह के जीवनवृत्त पर अपने विचार व्यक्त करते हुए युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।


कालागढ़ टाईगर सफारी की बेवसाइट का लोकार्पण

 बुधवार को कोटद्वार के कार्बेट टाइगर रिजर्व के रिजर्वेशन सेंटर में कालागढ़ टाईगर सफारी की वेबसाइट का लोकार्पण वन एवं ऊर्जा मंत्री हरक सिंह रावत, कार्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक राजीव भरतरी और कालागढ़ के डीएफओ ने संयुक्त रूप से किया। इस मौके पर वन मंत्री ने अपने संबोधन में इसे कोटद्वार गढ़वाल के टूरिज्म व्यवसाय के लिए मील का पत्थर बताया। वन मंत्री ने पाखरौ कालागढ़ डिविजन में वनने वाले टाईगर सफारी के बारे में बताया कि पाखरौ में बनने वाले चिड़ियाघर में पर्यटकों को केवल टाईगर ही नहीं वरन कई सौ पक्षियों की प्रजातियों, तितलियों की प्रजातियों,हाथी,हिरन,भालू तथा सर्प की भी विभिन्न प्रजातियों के साथ साथ प्रकृति के विभिन्न और अनोखे विशेष रूपों से रूबरू होने का मौका मिलेगा। पाखरौ टाईगर सफारी के साथ साथ पर्यटकों को बर्ड वाचिंग, नौका विहार की सुविधाएं भी सफारी में मिलेगी। पाखरौ सफारी से कोटद्वार और आस-पास के क्षेत्रों के युवाओं प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप में रोजगार भी मिलेगा जिससे युवा पलायन से बचेंगे। उनका प्रयास होगा कि पाखरौ और कालागढ़ टाईगर सफारी आने वाले समय में विश्व के पर्यटन मानचित्र में अपना विषेश स्थान बनाए।

इस मौके पर वन मंत्री ने कालागढ़ टाईगर सफारी का कैलेंडर का भी विमोचन किया। वहीं इस बार कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण का भी विशेष ध्यान रखा गया। इस बार प्लास्टिक और सिंथेटिक कप प्लेटों की जगह मिट्टी से बने बर्तनों का प्रयोग सराहनीय प्रयास कहा जा सकता है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

संबंधित खबरें