मेनू
News

मतदाता दिवस पर ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित

रिपोर्टर: Author August 5, 2026

  मतदाता दिवस पर ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित 

   कोटद्वार। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर कोटद्वार में रितेश शर्मा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज जानकीनगर द्वारा ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी एवं चित्रकला प्रतियोगिता का कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय अवकाश होने के कारण कार्यक्रम का शुभारंभ ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानाचार्य मनोज कुकरेती एवं कार्यक्रम संयोजक आचार्य रोहित बलोदी ने सामूहिक रूप से किया तत्पश्चात विद्यालय के प्रत्येक ग्रुप में प्रतियोगिता लिंक भेजा गया। संयोजक आचार्य रोहित बलोदी ने बताया कि विद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा आज के दिवस पर चित्रकला एवं स्लोगन प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। जिसमें सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया ताकि अधिक से अधिक जनों तक मताधिकार का महत्व एवं मतदाता के कर्तव्यों को समझाया जा सके। ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग में 100 अंकों की तथा सीनियर वर्ग में 120 अंकों की परीक्षा आयोजित की गई। जिसमें जूनियर वर्ग में कक्षा सप्तम की आयुषी बडोला प्रथम, कक्षा षष्ठ के गौरव सैनी एवं गरिमा नेगी द्वितीय तथा कक्षा षष्ठ के योगेश व सप्तम के केशव पंवार तृतीय रहे। सीनियर वर्ग में नवम की अपर्णा प्रथम, दशम के सार्थक काला द्वितीय, एवं दशम की आरोही ध्यानी तृतीय रही। चित्रकला में कक्षा एकादश से गुंजन एवं अखिल प्रथम, हरजीत द्वितीय एवं प्रियांशी तृतीय स्थान पर रहे। गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर सभी विजयी छात्रों को विद्यालय में पुरस्कृत किया जाएगा।

मतदाता दिवस पर  साइकिल रैली का आयोजन

  पौड़ी। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जनपद पौड़ी गढ़वाल में मतदाताओं, विशेषकर युवाओं एवं नव मतदाताओं में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से निर्वाचन विभाग एवं खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जनपद मुख्यालय स्थित कंडोलिया पार्क परिसर में मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत “संडे ऑन साइकिल” रैली का आयोजन किया गया। रैली को मेरा युवा भारत, पौड़ी गढ़वाल (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) के अधिकारी शैलेश भट्ट द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

रैली में बालक-बालिकाओं, युवाओं एवं आम नागरिकों सहित दो दर्जन से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों द्वारा कंडोलिया थीम पार्क क्षेत्र में साइकिलिंग करते हुए मतदाता जागरूकता से संबंधित संदेशों का प्रचार-प्रसार किया गया।

इस अवसर पर शैलेश भट्ट ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती का आधार जागरूक युवा मतदाता हैं। प्रत्येक योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना आवश्यक है तथा मतदान के अधिकार का प्रयोग कर ही लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने युवाओं एवं नव मतदाताओं से अपने मताधिकार के प्रयोग एवं अन्य नागरिकों को मतदान हेतु प्रेरित करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर सहायक निर्वाचन अधिकारी शांति लाल शाह, सहायक जिला क्रीड़ा अधिकारी जयवीर रावत सहित युवा मतदाता एवं नागरिक उपस्थित रहे।

संबंधित खबरें