भाजपा सरकार का साढे चार साल का कार्यकाल भ्रष्टाचार में लिप्त एवं घोर निराशाजनक – कांग्रेस की गढ़वाल मीडिया प्रभारी गरिमा दशौनी
कोटद्वार। उत्तराखंड के 2022विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी को लेकर कांग्रेस संगठन ने साढ़े चार साल बाद नींद से जागते हुए पूरे प्रदेश में मीडिया और जनता के साथ अपने कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोलने का काम शुरू कर दिया है। मीडिया की नब्ज टटोलने से लोक संवाद टुडे का मानना है कि कांग्रेस के लोग लगातार मिडिया को भाजपा का गोदी, भाजपा के हाथों बिका हुआ और न जाने क्या क्या ? लेकिन कांग्रेस को भी महसूस हुआ है कि भाजपा सरकार की जनता विरोधी कार्यशैली, जनता को ठगने,लालीपाप देने की बात भी मिडिया के जरिए ही जनता तक पहुंची है। इसलिए बिना मिडिया के कांग्रेस अपनी बात आम जनमानस को नहीं पहुंचा सकती। पहली बार कांग्रेस ने अपनी बात जनता तक पहुंचाने के लिए ग्राम स्तर से नगर,जिला मंडल तक संगठन में मिडिया सेल बनाकर मिडिया के नजदीक जाने का रास्ता भी तलाशा है इसी सेल के जरिए शनिवार को कोटद्वार में कांग्रेस की गढ़वाल मंडल की मीडिया प्रभारी और कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता पत्रकारों से रूबरू हुई। कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता एवं गढ़वाल मंडल मीडिया प्रभारी गरिमा दशोनी ने भाजपा सरकार के साढे चार साल के कार्यकाल को भ्रष्टाचार में लिप्त एवं घोर निराशाजनक बताते हुए आगामी 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने का दावा पेश किया है। दशौनी ने बताया कि कांग्रेस के 2022 में सत्ता में आते ही भाजपा के जनविरोधी निर्णयों को तत्काल प्रभाव से बदल दिया जायेगा।
गरिमा दशोनी ने कहा कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार के कार्यकाल को साढे चार साल का कार्यकाल हो गया है, लेकिन जिन वादों को लेकर भाजपा सरकार सत्ता में आयी थी, एक भी वादा पूरा नहीं कर पायी है, उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार, महिलाओं के उत्पीडन, बलात्कार घटनाओं का बोलबाला रहा है, स्वंय भाजपा के नेताओं ने महिलाओं का उत्पीडन एवं शोषण किया है, लेकिन भाजपा सरकार ने अपने आरोपी एवं भ्रष्टाचारी नेताओं को बाहर का रास्ता दिखाने की बजाय उनका बचाव किया है, जोकि देवभूमि के लिए शर्मसार एवं दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बेरोजगारों को रोजगार देने में पूरी तरह से विफल साबित हुई है, उपनल एवं मनरेगा कर्मचारियों के साथ भाजपा सरकार धोखा कर रही है, झूठे आश्वासन देकर आंदोलन को समाप्त करवा रही है, किसानों को फसलों को उचित दाम न मिलने से उत्तराखंड का किसान आत्महत्या करने के लिए मजबूर हो रखा है, व्यापारियों की समस्याओं का समाधान न होने जनता दरबारों में व्यापारी आत्महत्या कर रहा है, जो कि प्रदेश सरकार के लिए डूब मरने के समान है। उन्होंने देवस्थानम बोर्ड के गठन का घोर विरोध करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने सनातन धर्म में पूर्व की व्यवस्थाओं से छेडछाड करते हुए धर्म के विरूद्ध आचरण किया है, जिससे पूरा पंडा समाज सड़कों पर आंदोलन कर रहा है। आगामी 2022 में कांग्रेस के सत्ता में आते ही देवस्थानम बोर्ड को भंग कर दिया जायेगा, साथ ही पुरानी पेंशन बहाली का समर्थन करते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार के सत्ता में आते ही केन्द्र सरकार को प्रस्ताव भेजा जायेगा। घरेलू रसोई गैस के दामों को बढाये जाने का भी घोर विरोध करते हुए कहा कि भाजपा सरकार को गरीबों की कोई चिंता नही है, भाजपा सरकार गरीबी दूर नहीं बल्कि गरीबों को ही समाप्त करने की साजिश रच रही है। उन्होंने जिला विकास प्राघिकरण को उगाही एवं भ्रष्टाचार का अड्डा बताते हुए कांग्रेस की सरकार के सत्ता में आते ही समाप्त करने की बात कही है। गरिमा दशोनी ने विधानसभा कोटद्वार की बात करते हुए क्षेत्रीय विधायक हरक सिंह रावत पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि श्रम एवं कर्मकार बोर्ड में गरीबों को मिलने वाले सामान में करोड़ो का घोटाला कर गरीबों के साथ अन्याय किया गया है, जिसके बाद हरक सिंह को बोर्ड अध्यक्ष पद से बर्खाश्त कर दिया गया है। गरिमा दशोनी ने कहा कि साढे चार साल में विकास की एक ईंट भी नहीं रखी गयी है। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी के मेडिल कालेज, लालढांग चिल्लरखाल मोटर मार्ग, ट्रेचिंग ग्राउंड के लिए भूमि, कण्वाश्रम का समग्र विकास सहित दर्जनों ड्रीम प्रोजेक्टो को ठंडे बस्ते में डाल दिया है। जिससे विधानसभा कोटद्वार विकास के मामले में कई साल पीछे चला गया है। उन्होंने तीलू रोतेली पुरस्कार वितरण में भी भेदभाव अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने सिर्फ अपने चेहतों को ही तीलू रोतेली पुरस्कार दिया है, जिससे बेहतर कार्य करने वाली महिलाऐं प्रदेश सरकार से नाराज है। गरिमा दशोनी ने कहा कि प्रदेश में शराब बंदी का वादा करने वाली भाजपा सरकार ने घर-घर शराब के ठेके खुलवाकर मोबाइल वैन के माध्यम से शराब बंटवा रही है, जो कि देवभूमि के शर्मसार करने वाली घटना है। गरीमा दशौनी कोटद्वार विधानसभा की खामियों की खासी तैयारी कर आई हुई थी। कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए कांटे के समान चुभ रहे विकास कार्यों में खासा नमक-मिर्च लगाकर कांग्रेस के लिए सहानुभूति जुटाने में काफी हदतक मिडिया को समझाने में कामयाब रही। प्रदेश उपाघ्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने भी अपनी बात रखते हुए कांग्रेस के आगामी कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी आगामी तीन सितम्बर से प्रदेश में परिवर्तन यात्रा निकाल रही है, जिसमें भाजपा हटाओ कांग्रेस लाओ का नारा बुलंद करते हुए भाजपा की जनविरोधी नीतियों को उजागर किया जायेगा। पूर्व काबीना मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी ने भाजपा को वर्तमान में भाजपा की जनविरोधी निर्णयों, भ्रष्टाचार से जुड़ी योजनाओं को प्रोत्साहित करने व कोटद्वार की जनता से छलावों की घोषणाओं से जनता तंग आ चुकी है। प्रदेश व कोटद्वार की जनता में कांग्रेस के प्रति माहौल बन गया है, उन्होंने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के सत्ता में आते ही भाजपा के तमाम जनविरोधी निर्णयो को बदलने काम प्राथमिकता पर करेगी दिया। वहीं पूर्व विधायक शैलेंद्र रावत ने भी गरीबों की दी जाने वाली राहत सामग्री की सहायता पर डाका डालने व राहत सामग्री का उपयोग चुनाव में करने के आरोप लगाते हुए भाजपा को 2022 में जनता द्वारा सबक सिखाने की बात कही।
इस मौके पर महापौर श्रीमती हेमलता नेगी, जिलाध्यक्ष डा. चन्द्रमोहन खर्कवाल, महानगर अध्यक्ष संजय मित्तल, महानगर महिला अध्यक्ष श्रीमती शकुंतला चैहान, जिला मीडिया काॅर्डिनेटर बलवीर सिंह रावत, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष अमित राज सिंह, विधानसभा अध्यक्ष विजय रावत, हेमचंद्र पवार,साबर सिंह सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।
कोटद्वार रेलवे स्टेशन परिसर में खुली जीआरपीएफ चौकी
कोटद्वार । लंबी प्रतीक्षा के बाद आखिरकार कोटद्वार रेलवे स्टेशन में पुलिस चौकी खुल ही गई । जीआरपी चौकी में स्टाफ की तैनाती भी कर दी गई है । जिसमें एक दरोगा, एक एचसीपी व चार कांस्टेबल है । कोटद्वार रेलवे स्टेशन अंग्रेजी शासनकाल के दौरान वर्ष 1889-90 में स्थापित हुआ था। 130 साल के इस लंबे अंतराल के बाद भी सुरक्षा रामभरोसे चल रही थी । हालांकि रेलवे पुलिस फोर्स की रिपोर्टिंग चौकी थी किंतु स्टाफ ना के बराबर है । रेलवे स्टेशन में राज्य रेलवे पुलिस बल की चौकी खुलने से अपराध पर रोक लगेगी ।अगस्त 2019 में झूलाबस्ती के दो युवक एक मासूम को लेकर रेलवे परिसर स्थित मालगोदाम में लाये । जहां पर उन्होंने दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी थी । इस घटना के बाद से राज्य रेलवे पुलिस बल की चौकी खोलने की कवायद शुरू की गई और काफी लंबे समय के बाद शुक्रवार को चौकी खुल ही गई । कोटद्वार चौकी जीआरपी थाना लक्सर के अधीन रहेगी । जीआरपी थाना लक्सर के एसओ सुभाष ने बताया कि पुलिस अधीक्षक रेलवेज व अपर पुलिस अधीक्षक रेलवेज के द्वारा रेलवे विभाग के उच्च अधिकारियों से लगातार समन्वय स्थापित करने के पश्चात आज शुक्रवार को रेलवे स्टेशन कोटद्वार पर चौकी जीआरपी कोटद्वार थाना जीआरपी लक्सर का विधिवत शुभारंभ किया गया । वहीं चौकी प्रभारी बलबीर राणा ने कहा कि रेलवे स्टेशन कोटद्वार पर असामाजिक तत्वों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा कोविड गाइडलाइन का पालन कराया जाएगा । रेलवे स्टेशन पर बिना मास्क के घूमने वालों के विरुद्ध भी चालान की कार्रवाई की जाएगी ।
कोटद्वार के रेलवे पुलिस चौकी का स्टाफ
जनपद के साईबर सेल द्वारा ऑनलाइन साईबर ठगी का शिकार हुए व्यक्ति के खाते में लौटाई रू0 50,000 की रकम
कोटद्वार। दिनांक 14.07.2021 को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा रिश्तेदार बताकर गूगल पे के माध्यम से से रु0 50,000 की धनराशि निकालने की रिपोर्ट दर्ज़ की गयी थी । पीड़ित राजभर सिंह निवासी ग्राम- नौंगांव मल्ला, पो0ओ0- सीकूखाल जनपद पौड़ी गढवाल द्वारा एक लिखित शिकायती प्रार्थना पत्र दिया गया था। जिसमें उनके द्वारा अंकित गया कि दिनांक 14.07.2021 को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा रिश्तेदार बताकर गूगल पे के माध्यम से से रु0 50,000/- की धनराशि निकाल दी गयी है । उपरोक्त सूचना पर जनपद की साईबर सेल द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए आवेदक उपरोक्त के खाते से कटी धनराशि रु0 50,000/- (पचास हजार) की धनराशि वापस करवायी गयी है। साइबर ठगी का शिकार हुये व्यक्ति द्वारा जनपद के साईबर सेल के कार्यो की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। आमजन द्वारा साइबर ठगी का शिकार होने पर सूचना साइबर सैल को दी जा रही है, सूचना पर साईबर सैल द्वारा तत्परता से कार्य किया जा रहा है जिसमें जनपद की साइबर सेल को सफलता भी प्राप्त हो रही है।