नारी सशक्त –देश सशक्त की थीम पर महिला पुलिस कर्मियों का प्रशिक्षण
महिला पुलिस कर्मियों में आत्मविश्वास एवं सुरक्षा की भावना जाग्रत करने हेतु दिया जा रहा आत्मरक्षा प्रशिक्षण
कोटद्वार। महिला थाना श्रीनगर में नारी सशक्त –देश सशक्त की थीम पर महिला पुलिस कर्मियों में आत्मविश्वास एवं सुरक्षा की भावना जाग्रत करने के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण शनिवार से शुरू हो गया। 1 सप्ताह तक चलने वाले इस प्रशिक्षण में महिला पुलिस कर्मियों को आत्मरक्षा हेतु सशक्त करने के लिए प्रशिक्षित ट्रेनर सागर पुरी (जनपद पौड़ी जूडो ऐसोशियेशन) के माध्यम से महिला थाना श्रीनगर में 20 महिला पुलिस कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण में प्रशिक्षक द्वारा एक्सरसाईज के माध्यम से शरीर की रोग-प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने, महिला पर किसी चीज से आक्रमण होने पर बचाव सम्बन्धी सभी ट्रिक्स बताये गये। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा महिला थाना श्रीनगर में प्रशिक्षित महिला पुलिस कर्मियों के प्रशिक्षण का डैमोस्ट्रेशन देख कर महिला पुलिस कर्मियों को प्रोत्साहित किया। साथ बताया गया कि प्रशिक्षण के उपरान्त इन प्रशिक्षित महिला पुलिस कर्मियों के माध्यम से जनपद के विभिन्न स्कूलों / कॉलेजों / कार्यालयों में कार्य करने वाली युवतियों /महिलाओं को आत्म रक्षा हेतु प्रशिक्षण दिया जाएगा। जो महिलाओं / छात्राओं के आत्म सम्मान एवं आत्म रक्षा के लिए उपयोगी सिद्ध होगा।
ऑनलाइन साईबर ठगी का शिकार हुए 3 व्यक्तियों के खाते में लौटाई रू0 65,000 की धनराशि
कोटद्वार। बढ़ते साईबर अपराधों के दृष्टिगत जनपद में गठित साईबर सेल को साइबर अपराधों से सम्बन्धित सुभाष चन्द्र धस्माना निवासी पदमपुर मोटाढांग कोटद्वार, जनपद पौडी गढवाल ने एक लिखित शिकायती प्रार्थना पत्र दिया गया था। किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा आर्मी पर्सन बनकर रु0 43,000/- की ठगी कर ली है। उपरोक्त सूचना के आधार पर जनपद की साईबर सेल द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए आवेदक उपरोक्त के खाते से कटी धनराशि मे से रु0 40,000/- (चालीस हजार रूपये) की धनराशि वापस करवायी गयी। वहीं सोहन सिंह निवासी कोटा गढवाल, महादेव अश्रु खेत, धूमाकोट, जनपद पौडी के शिकायती प्रार्थना पत्र के आधार पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा गाड़ी बेचने के नाम पर रु0 31,998/- की ठगी कर ली है। उपरोक्त सूचना के आधार पर जनपद की साईबर सेल द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए आवेदक उपरोक्त के खाते से कटी धनराशि मे से रु0 दस हजार रूपये की धनराशि वापस करवायी गयी। सुमित वर्मा पुत्र श्री मुकेश कुमार निवासी गोविन्दनगर कोटद्वार, जनपद पौडी गढवाल ने भी एक लिखित शिकायती प्रार्थना पत्र द्वारा किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बैक खाते की जानकारी कर रु0 15,000/- की ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। उपरोक्त सूचना के आधार पर जनपद की साईबर सेल द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए आवेदक के खाते से कटी धनराशि 15,000/- (पन्द्रह हजार रूपये) की धनराशि वापस करवायी गयी। साइबर ठगी का शिकार हुये व्यक्तियों द्वारा जनपद के साईबर सेल के कार्यो की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। आमजन द्वारा साइबर ठगी का शिकार होने पर सूचना साइबर सैल को दी जा रही है, सूचना पर साईबर सैल द्वारा तत्परता से कार्य किया जा रहा है जिसमें जनपद की साइबर सेल को सफलता भी प्राप्त हो रही है। जनपद पुलिस द्वारा माह अगस्त से अब तक कुल 52 साईबर ठगी के शिकायती प्रार्थना पत्रों पर त्वरित कार्यवाही करते हुये रू0 7,01,997/- की धनराशी वापस करायी गयी।
डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ कृषि विभाग के शैलेंद्र सिंह अध्यक्ष आनन्द सिंह बने महासचिव
कोटद्वार।डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ कृषि विभाग की ओर से द्विवार्षिक अधिवेशन का आयोजन किया गया। जिसमें विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करने के साथ ही नवीन प्रांतीय कार्यकारिणी का गठन किया गया। शैलेंद्र सिंह चैहान को अध्यक्ष व आनन्द सिंह पंवार को महासचिव चुना गया।मालिनी टूरिस्ट काम्पलेक्स में आयोजित अधिवेशन के प्रथम पाली में वक्ताओं ने कहा कि संघ कृषि एवं उद्यान विभाग के एकीकरण का पुरजोर विरोध करता है और अगर अभियंत्रण शाखा के पदों में कटौती की गई तो संघ से जुड़े डिप्लोम इंजीनियर आंदोलन को बाध्य होंगे। कहा कि कनिष्ठ अभियन्ताओं के रिक्त पदों के कारण विभाग में कार्य प्रभावित हो रहे हैं इसलिए विभाग कनिष्ठ अभियन्ताओं के 33 रिक्त पदों को भरने के लिए जल्द से जल्द विज्ञप्ति जारी करे। कहा कि मुख्य कृषि अधिकारी कार्यालयों में श्रेणी.2 अभियंत्रण शाखा के पद सृजित किए जाए ताकि योजनाओं का सुचारू रूप से संचालन हो सके। द्वितीय पाली में प्रांतीय कार्यकारिणी का गठन करते हुए ओमपाल सिंह को वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरपत सिंह को उपाध्यक्ष हिमांशु उप्रेती को अतिरिक्त महासचिव मुकेश सैनी को कोषाध्यक्ष आर सी जोशी को संप्रेक्षक संदीप तोमर को संगठन गढ़वाल मंडल सचिव व हरीश कांडपाल को कुमाऊं मंडल सचिव निर्विरोध चुना गया। संचालन पवन कुमार काला द्वारा किया गया।

