“सिद्धबली बाबा अनुष्ठान” का हुआ आगाज, कन्याओं ने खोह नदी से जल लेकर की परिक्रमा
कोटद्वार । सिद्धबली बाबा अनुष्ठान का शुक्रवार को प्राण प्रतिष्ठा के साथ आगाज हुआ । शुक्रवार को ब्रह्म मुहूर्त में मुख्य पुजारी पंडित देवी प्रसाद भट्ट के दिशा-निर्देशन में मुख्य यजमान व लैंसडाउन के विधायक महंत दिलीप रावत ने खोह नदी के तट पर संकल्प लिया। इसके बाद कन्याओं ने खोह नदी से जल लेकर यज्ञ स्थल तक कलश यात्रा निकाली। खोह नदी के पवित्र जल से श्री सिद्धबाबा का महाभिषेक किया गया। इसके बाद श्रद्धालु गण सिद्धबली डांडा में पूजा अर्चना करने गए व सिद्धबाबा की ध्वज पताका फहराई गई फिर एकादशीय कुंडीय यज्ञ को शुभारंभ किया गया।इस अवसर पर मुख्य रूप से विधायक महंत दिलीप रावत, मेयर हेमलता नेगी और पूर्व काबीना मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी समेत अनेक गणमान्य लोगों ने यज्ञ में शिरकत की। एकादश कुंडीय यज्ञ में प्रथम दिवस पर डाली गई आहुतियों के बाद सुंदर कांड पाठ किया गया। इसके बाद शाम को कोरोना महामारी को देखते हुए हर वर्ष की भांति शोभा यात्रा में झांकियां नहीं निकाली गई केवल सिद्धबाबा की डोली को मुख्य मार्गो बद्रीनाथ मार्ग, झंडा चौक, लाल बत्ती चौक से होते हुए गोविंद नगर स्थित गुरुद्वारे तक निकाली जाएगी । इस मौके पर श्री सिद्धबली मंदिर समिति के अध्यक्ष कुंजबिहारी देवरानी, प्रमोद रावत, रवीन्द्र जजेड़ी, रवीन्द्र नेगी, जीत सिंह पटवाल, विवेक अग्रवाल, शुभम रावत, दीपू पोखरियाल, ऋषभ समेत कई लोग उपस्थित रहे।
03 किलो 100 ग्राम अवैध चरस के साथ 02 तस्कर गिरफ्तार
कोटद्वार।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौडी गढ़वाल सुश्री पी. रेणुका देवी द्वारा “नशा मुक्त जनपद पौड़ी गढ़वाल” अभियान के तहत जनपद में नशे की बढ़ती प्रवृति व अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाये जाने व अवैध तरीके से नशीले पदार्थों के विरूद्ध प्रभावी चैकिंग अभियान चलाने हेतु आदेशित किया गया है,जिसके क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार, श्री प्रदीप कुमार राय के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक श्री नरेन्द्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में उ0नि0 श्री रफत अली प्रभारी सी0आई0यू0 व उ0नि0 श्री कमलेश शर्मा मय पुलिस टीम के थाना क्षेत्रान्तर्गत दौराने संदिग्ध व्यक्ति/वाहन चैकिंग के दौरान 1-अभि0 दीपक बिष्ट पुत्र श्री धीरज सिंह बिष्ट नि0 ग्राम मुड़ला पो0ओ0 बल्ली तह0 कोटद्वार पौड़ी उम्र-37 वर्ष, 2-अभि0 सतीश चन्द्र पुत्र स्व0 शेखरानन्द नि0 नियर RTO ऑफिस सिम्बलचौड़ कोटद्वार पौड़ी उम्र-57,को सिद्धबली बैरियर कोटद्वार के पास 03 किलो 100 ग्राम अवैध चरस वाहन संख्या UK-15A-0048 टाटा सूमो के साथ गिरफ्तार किया गया। जिस संबंध में अभियुक्त के विरुद्ध कोतवाली कोटद्वार पर मु0अ0सं0 310/2020 धारा- 8/20/60(2)NDPS ACT व मु0अ0सं0 311/2020 धारा- 8/20/60(2) NDPS ACT के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। पूछताछ में अभियुक्तगण द्वारा बताया गया की हम पहाड़ो से चरस लाकर कोटद्वार में छात्रों/युवाओं को बचेते थे जिससे काफी मुनापा कमाते थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदया द्वारा पुलिस टीम को उत्साहवर्दन हेतु 2500/- रूपये का नगद पारितोषिक दिया गया।
नजूल भूमि पर बने अवैध निर्माण का चिन्हीकरण का कार्य शुरू
कोटद्वार। नैनीताल उच्च न्यायालय के सख्त आदेशो का पालन करते हुए नगर निगम प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण हटाने को लेकर कमर कस दी है। नगर आयुक्त पीएल शाहरुख के द्वारा अतिक्रमण हटाये जाने को लेकर गठित टीम ने शुक्रवार को नजूल भूमि पर किये गये अवैध अतिक्रमण को चिन्हित करने का काम भी शुरू कर दिया है।
गौरतलब है कि नैनीताल उच्च न्यायालय के द्वारा कोटद्वार स्थित लालबत्ती चौराहे से लेकर मालवीय उद्यान तक एनएच पर सड़क के दोनो तरफ नजूल भूमि पर किये गये अवैध अतिक्रमण हटाये जाने के सख्त आदेश दिये गये थे। उच्च न्यायालय के आदेशों का पालन करते हुए स्थानीय प्रशासन के द्वारा अवैध अतिक्रमण हटाये जाने को लेकर तीन टीमों का भी गठन किया गया था, गठित टीमों के द्वारा अवैध अतिक्रमण की जद में आ रहे दुकानों, बरामदों पर लाल स्याही से चिन्हीकरण किया जा रहा है। चिन्हीकरण का कार्य पूरा होने के बाद बुल्डोजर के माध्यम से अवैध निर्माण को ध्वस्त किया जायेगा। नगर निगम प्रशासन ने बताया कि लालबत्ती चौराहे से लेकर मालवीय उद्यान तक 137 दुकानों को अवैध निर्माण किये जाने पर नोटिस भी जारी किये जा चुके है। शुक्रवार को अवैध निर्माण के चिन्हीकरण का नेतृत्व सहायक नगर आयुक्त अंकिता जोशी,एन एच के इंजीनियर,राजस्व उपनिरीक्षक, सिंचाई विभाग के जेई सहित कोटद्वार कोतवाली से प्रदीप नेगी सहित पुलिस कर्मी व नगर निगम के कर्मचारियों की टीम ने चिन्हीकरण का कार्य सम्पन्न करवाया।


