डुप्लीकेसी पर जिला प्रशासन हुआ सख्त,रोकने के लिए आधार लिंक्ड डेटाबेस तैयार करने के दिए निर्देश
अच्छी गुणवत्ता के उत्पादों को ई-कॉमर्स वेबसाइटों से लिंक कर आर्थिक लाभ दिया जाय: डीएम
पौड़ी । बुधवार को विकास भवन पौड़ी में जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया की अध्यक्षता में बीडीओ सहवर्गीय बैठक आयोजित की गयी, जिलाधिकारी ने बैठक में स्पष्ट निर्देश दिये कि स्वरोजगार संबंधी योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्रों तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को पहले से योजनाओं का लाभ मिल चुका है, उन्हें छोड़कर अन्य पात्रों की पहचान कर उन्हें लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही यह भी कहा कि एक डेटाबेस बनाया जाय, जिसमें रोजगार देने वाले विभाग अपने लाभार्थियों की आधार लिंक्ड एंट्री करेंगे, जिससे कोई व्यक्ति अलग-अलग विभागों से दो बार लाभ नहीं ले पाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों में रोजगारपरक योजनाएं संचालित हो रही हैं, लेकिन उनका लक्ष्य पूरा नहीं हो पा रहा है। ऐसे में जरूरी है कि जनपद स्तर पर सफलता की कहानियों का व्यापक प्रचार-प्रसार कर उन्हें दोहराने की आवश्यकता है, ताकि अधिक से अधिक लोग जागरुक होकर योजनाओं का लाभ उठा सकें। इसके अलावा उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कहा कि महिला समूहों को नए रोजगार से जोड़ा जाए तथा अच्छी गुणवत्ता के उत्पादों को ई-कॉमर्स वेबसाइटों से लिंक कर अधिक मात्रा में उन्हें आर्थिक लाभ दिया जाय।
मनरेगा और कुछ अन्य योजनाओं में कतिपय विभागों की न्यून प्रगति पर संबंधित बीडीओ के संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने लक्ष्य के अनुरूप 15 दिन में योजनाएं पूर्ण करने के निर्देश दिये। साथ ही कहा कि आपदा प्रभावित गांवों में प्राथमिकता पर मनरेगा से भूमि सुधार के कार्य कराए जाएं।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने कहा कि सभी विभाग समन्वय स्थापित कर योजनाओं को धरातल पर उतारें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास योजनाओं को जनभागीदारी से जोड़कर क्रियान्वित करें, ताकि ग्रामीण स्वयं इन योजनाओं के भागीदार बन सकें। सीडीओ ने कहा कि प्रत्येक अधिकारी स्थानीय स्तर पर नवाचार लाकर योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाए।
