गजब का धन कुबेर, गजब के चोर
20 हजार की चोरी की रिपोर्ट बरामद 41 लाख
चारों तरफ मच गया शोर, चोरों ने भाड़े पर खड़े किए चोर, फिल्मी स्टाइल हेराफेरी हर कोई हैरान
धन का मालिक बन रहा अंजान, पुलिस परेशान
आए दिन पाठकों व दर्शकों को लोक संवाद टुंडे कुछ अजीबोगरीब घटनाओं से रुबरु करवाता रहता है। आज फिर हम अपने पाठकों को लोक संवाद टुडे को अपने मिडिया सहयोगी से मिली कुछ ऐसी घटना से रुबरू करवा रहे हैं जो पाठकों को चौंका देगी। हैरान कर देने वाली यह वारदात चोरों द्वारा वन विभाग की एक महिला ठेकेदार के घर में हाथ साफ करने के बाद का है ।घटनाक्रम में पकड़े जाने की आशंका से चोरों द्वारा किराये पर डमी चोर भी खड़े कर दिए। पुलिस ने महज 24 घंटे में वारदात का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया, लेकिन तब मुश्किल में मामला फंस गया जब महिला ठेकेदार ने मात्र 20 हजार रुपये की चोरी का मामला दर्ज कराया,लेकिन बरामदगी 41 लाख 20 हजार रुपये और गहनों की हुई है। चोर इस रकम को महिला ठेकेदार का बता रहे हैं, वहीं ठेकेदार महिला इससे पल्ला झाड़ रही है।
ठेकेदार ने दर्ज कराई मात्र 20 हजार की चोरी
मामला बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मंगला क्षेत्र का है। यहां अभिषेक नगर में रहने वाली सरोजनी साहू वन विभाग में ठेकेदार हैं। उनके पति भी पीडब्ल्यूडी में काम करते हैं। सरोजनी साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह 21 मई की सुबह करीब 11 बजे परिवार सहित बबल्स वाटर पार्क गई थीं। इस बीच पड़ोसी ने मकान में चोरी की सूचना दी। जब वह पहुंची तो देखा कि कमरे का ताला टूटा हुआ था और अलमारी में रखे 20 हजार रुपये और गहने चोरी हुए हैं। इस पर अफसरों ने बिलासपुर एसीसीयू और पुलिस की संयुक्त जांच टीम बनाई। टीम को मौके पर रवाना किया गया।
एक-एक लाख रुपये के किराये पर चोर
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज चेक किए तो तीन नकाबपोश एयरबैग के साथ बिना नंबर की नीले रंग बुलेट पर रतनपुर की ओर जाते हुए दिखाई दिए। इस पर पुलिस ने अलग-अलग दिशा में टीमों को रवाना किया और ग्राम सेलर एनीकट रोड के पास घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास बैग में से 25 लाख रुपये और गहने बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने पहले तो खुद चोरी करने की बात कही, लेकिन सख्ती से पूछने पर बताया कि ग्राम नगपुरा के शिवदीप तिवारी ने उनको चोरी का आरोपी बनने के लिए कहा था। इसके बदले एक-एक लाख रुपये देने की बात कही।
बड़ी बहन ने ही घर में करवाई चोरी
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि शिवदीप ने कोर्ट से छुड़वाने का सारा खर्च भी उठाने का लालच दिया। फिर वारदात में इस्तेमाल बुलेट और बैग में रुपये व गहने लेकर इलाके में घूमने के लिए भेज दिया। इस पर पुलिस ने मास्टर माइंड शिवदीप तिवारी की तलाश कर उसे ग्राम नगपुरा से हिरासत में ले लिया। पहले तो वह वारदात से इनकार करता रहा, फिर टूट गया। बताया कि रिपोर्ट दर्ज कराने वाली सरोजनी साहू की सगी बड़ी बहन रुक्मणित साहू के साथ मिलकर चोरी की है। चोरी करने के बारे में उसी ने साजिश रची थी और घर में गहनों व रुपयों को लेकर जानकारी दी ।
आरोपी शिवदीप ने पुलिस को बताया कि, रुक्मणि ने उससे कहा था कि, उसकी बहन सरोजनी साहू वन विभाग में ठेकेदारी का काम करती है। अनाप सनाप पैसा कमाकर घर में बहुत बडी रकम और सोने चांदी के गहने रखी है। इसके बाद गांव के अन्य लोगों को लेकर चोरी की साजिश रची। साजिश के तहत 21 मई को उनके घर पहुंचे और पानी पीने के बहाने दरवाजा खुलवाकर अंदर घुस गए। वहां दो बुजुर्ग महिलाएं थीं। दोनों का मुंह बंद कर ऊपर के कमरे में बंद कर दिया। फिर नीचे अलमारी का तोड़कर गहने व रुपये चोरी कर लिए। चोरी की रकम में से 25 लाख रुपये और कुछ गहने किराये के चोरों को दिए।
पुलिस ने बताया कि, चोरी की रकम में से 15 लाख रुपये शिवदीप ने खुद रखे। बाकी रकम अन्य साथियों को दे दी। इसके बाद पुलिस ने सरोजनी की बहन रुक्मणि सहित दो आरोपियों को और गिरफ्तार कर लिया है। अभी तक सात आरोपियों को पकड़ा जा चुका है। उनसे तीन लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने, 41 लाख 20 हजार रुपये बरामद हुए हैं। पुलिस ने बताया कि इस मामले में अभी दो आरोपी फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है। फरार आरोपियों के पास से और नगदी व गहने बरामद होने की संभावना है।
गिरफ्तार किए अभियुक्त
ग्राम नगपुरा थाना रतनपुर जिला बिलासपुर निवासी शिवदीप तिवारी
ग्राम गिधौरी थाना रतनपुर जिला बिलासपुर निवासी सुरज विश्वकर्मा
गायत्री मंदिर के पास सरकण्डा थाना सरकण्डा जिला बिलासपुर निवासी विशु श्रीवास
ग्राम गिधौरी थाना रतनपुर जिला बिलासपुर निवासी किशोरी लाल बंजारे
ग्राम गिधौरी थाना रतपुर जिला बिलासपुर निवासी गजेन्द्र कश्यप
ग्राम लखराम थाना रतनपुर जिला बिलासपुर निवासी रूकमणी साहू
ग्राम नेवसा थाना रतनपुर जिला बिलासपुर निवासी समेस कश्यप।
