रिपोर्टर: Author
August 5, 2026
कोटद्वार में बर्ड फ्लू की दस्तक से हड़कम्प, प्रशासन और पशुपालन विभाग की नींद उड़ी
शुक्रवार को मिले चार कौवे मृत
कोटद्वार। कोरोना वायरस महामारी ने पहले से ही लोगों को सांसत में डाला हुआ है। अब एक और नई बीमारी बर्ड फ्लू के अंदेशे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। जनपद पौड़ी के तहसील कोटद्वार में चार कौवे मृत पाये जाने से लोगों में दहशत फैल गयी है। सूचना मिलने पर जिला प्रशासन और पशु पालन विभाग ने आनन फानन में सभी मृत कौओं को कब्जे में लेकर सैम्पल जांच के लिए भेज दिये हैं।
देवी रोड स्थित नाले में चार कौओं के मृत पाये जाने की जानकारी लोगों द्वारा पशुपालन विभाग और स्थानीय प्रशासन को दी गयी। जिसके बाद मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी, तहसीलदार और पशु चिकित्साधिकारी की टीम मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि देवी रोड स्थित मछली बाजार के नाले में चार कौओं के मरे होने की जानकारी मिली है। प्रशासन का कहना है कि जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पायेगा कि इन कौओं की मौत कैसे हुई है। उपजिलाधिकारी का कहना है कि मृत पाये गये पक्षियों के शवों को सील करके मध्य प्रदेश स्थित भोपाल की लैब में आवश्यक जांच के लिए भेजे जा रहे हैं तथा जांच के बाद ही पता चलेगा ये पक्षी बर्ड फ्लू के शिकार हुए हैं या अन्य किसी बीमारी के कारण मरे हैं। इस समय कुछ राज्यों में बर्ड फ्लू होने की शिकायतें भी सुनी जा रही हैं। हिमाचल में भी इसी तरह से पक्षी मृत पाये गये हैं, इसलिए हमें सतर्क रहने की आवश्यकता है। जहां पर ये पक्षी मृत पाये गये हैं वहां पर मुर्गा-मछली बाजार भी है। इसलिए हो सकता है कि इन कौओं ने उनका सेवन किया हो। इसलिए इनकी जांच जरूरी है।
वैक्सीनेशन का पूर्वाभ्यास कार्यक्रम सम्पन्न
कोटद्वार। वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण की रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग के द्वारा वैक्सीनेशन किये जाने को लेकर मॉक ड्रिल किया गया। लालपानी स्थित ऐलोपैथिक चिकित्सालय में कोविड नोडल प्रभारी डा़ शैलेन्द्र बडथ्वाल की देखरेख में स्वास्थ्स विभाग के 19 कर्मचारियों को वैक्सीनेशन को लेकर पूर्वाभ्यास किया गया।पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शुक्रवार को लालपानी स्थित राजकीय एलेपैथिक हास्पिटल में वैक्सीनेशन के पूर्वाभ्यास करते हुए गेट पर वैक्सीन लगाने के लिए गेट पर तैनात गार्ड के द्वारा पूछताछ कर उसे अंदर प्रवेश की अनुमति प्रदान करने की प्रक्रिया अपनायी गयी, उसके बाद उक्त स्वास्थ्य कर्मी को वैटिंग रूम में बैठाया गया, जहां पर अपनी बारी का इंतजार करता रहा, उसके बाद हास्पिटल के अंदर एक सत्यापन रूम में वैक्सीन लगाने वाले महिला/पुरूष का सत्यापन किये जाने की प्रक्रिया अपनायी गयी, उसके बाद एक अलग कमरे में कम्प्यूटर के माध्यम से रजिस्ट्रेशन का मॉक ड्रिल करने के बाद उसे प्रशिक्षित नर्स के माध्यम से कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए देश के वैज्ञानिकों के द्वारा ईजाद की गयी, वैक्सीन देने का पूर्वाभ्यास किया गया। तत्पश्चात उक्त महिला /पुरूष को एक अलग से बनाये गये रूम में आब्जर्वेशन पर रखा गया। इस प्रकार से वैक्सीनेशन को लेकर मॉक ड्रिल की प्रक्रिया अपनायी गयी।
कोविड नोडल प्रभारी डा़ शैलेन्द्र डबराल ने बताया कि मॉक ड्रिल में स्वास्थ्य कर्मियों के 19 लोगों को शामिल किया गया था। कहा कि आने वाले समय में जब भी वैक्सीनेशन कार्यक्रम किया जायेगा, इसी प्रकार से वैक्सीनेशन कार्यक्रम को सम्पन्न करवाया जायेगा। इस मौके पर उपजिलाधिकारी योगेश मेहरा, जोनल मजिस्ट्रेट मृत्युंजय सिंह, सेक्टर मजिस्ट्रेट निर्भय सिंह, डा़ शैलेन्द्र बडथ्वाल, डा़ सांरग सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मौजूद थे।
सतपुली के स्वास्थ्य केन्द्रों में वेक्सिनेशन का ड्राई मॉक टेस्ट ।
सतपुली । तहसील सतपुली के अन्तर्गत तीन स्वास्थ्य केन्द्र संयुक्त चिकित्सालय सतपुली, हंस अस्पताल सतपुली व प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पाटीसैण में कोरोना वेक्सिनेशन की तैयारियों को लेकर ड्राई मॉक टेस्ट किया गया । प्रभारी चिकित्साधिकारी आरती बहल ने बताया कि मॉक टेस्ट में कोरोना वेक्सिनेशन में उपयोग होने वाले सभी संसाधनों को देखा गया जिससे कि वेक्सिनेशन को सुरक्षित रूप से अधिक से अधिक लोगो लाभान्वित किया जा सके ।
उपजिलाधिकारी सतपुली सन्दीप कुमार ने बताया कि मॉक टेस्ट में सभी स्वास्थ्य कर्मचारियों ने कोरोना वेक्सिनेशन में आने वाली कमियों को पहचाना और और उसे दूर करने का प्रयास किया ।ड्राई मॉक टेस्ट के दौरान उपजिलाधिकारी सतपुली सन्दीप कुमार, प्रभारी चिकित्साधिकारी आरती बहेल, प्रभारी चिकिसाधिकारी हंस अस्पताल डॉ एच एस मिन्हास, डॉ शिवम चौधरी सहित स्वास्थ्य कर्मचारी 108 कर्मचारी रहे ।
उत्तराखंड में शिक्षा व्यवस्था बदहाल- अरविंद वर्मा
कोटद्वार। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अरविन्द वर्मा द्वारा एक प्रेस वार्ता आयोजित की गयी। प्रदेश प्रवक्ता अरविंद वर्मा ने प्रदेश के शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे के शिक्षा में सुधार किये जाने के दावे को खोखला करार दिया है, कहा कि शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे उत्तराखंड में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बताकर दिल्ली मॉडल की तुलना कर रहे है, जबकि उत्तराखंड में शिक्षा व्यवस्था बदहाल हालत में है, दुरगम क्षेत्रों के सरकारी विद्यालयों की स्थिति जीर्णक्षीर्ण हो चुकी है, बच्चों के बैठने के लिए फर्नीचर तक नहीं है, विद्यालयों में शौचालयों सहित अन्य सुविधाऐं नदारद है, जिससे अब सरकारी स्कूलों मं छात्र संख्या गिरती जा रही है। प्रदेश प्रवक्ता ने कहा की अरविन्द पांडेय केवल एक राजनितिक स्टंट कर रहे हैं हैं, जबकि शिक्षा का स्तर प्रदेश में काफी निम्न हो चुका है, इस सम्बन्ध में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता प्रदेश के गांव, कस्बो में स्थित सरकारी स्कूलों में जायेगा तथा उक्त स्कूल की वस्तु स्थिति को अपने मोबाइल कैमरे के माध्यम से सेल्फी खींचकर जनता को रूबरू करवायेगा। आम आदमी पार्टी की सरकार के द्वारा जो दिल्ली में शिक्षा का जो रोल मॉडल दिया गया है, जिससे दिल्ली में शिक्षा के स्तर ऊँचा हुआ है जिसको देखकर अन्य राज्यों की सरकारे भी दिल्ली के शिक्षा मॉडल से प्रभावित होकर अपने प्रदेशों में दिल्ली शिक्षा मॉडल लागू करना चाह रही हैं। आम आदमी पार्टी द्वारा प्रदेश स्तर पर इस प्रकार की मुहिम चलायी जाएगी और तब ही पता चल पायेगा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा उत्तराखंड में शिक्षा के स्तर में कितना सुधार किया गया है। प्रेस वार्ता में में प्रदेश उपाध्यक्ष मेजर जनरल चंद्र किशोर जखमोला, सेक्टर प्रभारी राजेंद्र जजेड़ी तथा हर्षिता मौजूद रहे।


