रिपोर्टर: Author
August 5, 2026
कोटद्वार में बढता अपराध का ग्राफ
शुक्रवार को हुई अपराधिक घटनाओं से दहला कोटद्वार शहर
कोटद्वार सिडकुल की केएमसी फैक्ट्री
कोतवाली कोटद्वार में फैक्ट्री कर्मचारी पुलिस से वार्ता करते हुए
कोटद्वार। अपराध का जाति न धर्म। कब कौन सा अपराध समाज को दागदार और भयाक्रांत कर दे कह नहीं सकते। ऐसा ही कुछ शुक्रवार को कोटद्वार के अलग-अलग क्षेत्रों में हुए अपराधिक घटनाक्रम ने शहर को हतप्रभ कर दिया।
पहला मामला कोटद्वार के सिडकुल एरिया से है जहां पर कंपनी के सुरक्षा कर्मियों और कंपनी के कर्मचारियों में किसी बात को लेकर हुई बहसबाजी में विवाद इतना बढ़ा कि कंपनी के ठेकेदार के निजी सुरक्षाकर्मियों ने कर्मचारियों पर बंदूकें तानकर विवाद में आग मे घी डालने का काम कर दिया। मामला कोटद्वार कोतवाली पहुंचा तो शहर में हड़कंप मच गया।
सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार सिडकुल की केएमसी कंपनी के कर्मचारी ठेकेदार और कंपनी में काम कर रही महिला कर्मचारी के बीच किसी बात को लेकर बहसबाजी होने लगी तो कुछ ठेकेदार के पक्ष में बात करने लगे तो कुछ महिला कर्मचारी के पक्षधर हो गए। विवाद जब बढ़ने लगा तो ठेकेदार के निजी सुरक्षाकर्मी/बाउंसर कर्मचारियों को डराने-धमकाने धमकाने लगे जिससे कर्मचारियों में उबाल आ गया और कर्मचारी भड़क उठे, मामला बिगड़ता देख निजी सुरक्षा कर्मियों ने कर्मचारियों पर बंदूकें तान दी जिसने आग में घी का काम कर दिया। मामला कोटद्वार कोतवाली पहुंच गया दोनों पक्षों के विवाद का समाधान बातचीत के माध्यम से करने का प्रयास किया जा रहा है। खबर लिखे जाने तक पुलिस ने रिपोर्ट किसी भी पक्ष की भी नहीं दर्ज की है।
दूसरी घटना बहुत भयानक और रिश्तों को दागदार करने की हुई।
कलयुगी बेटे ने मां को चाकू से गोदकर मौत की नींद सुलाया
कोटद्वार के आमपड़ाव खुबरा बस्ती में एक नशेड़ी बेटे ने अपनी मां को चाकू से बुरी तरह गोद कर मार डाला और घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गया। मिली जानकारी के अनुसार इन्दिरानगर आमपड़ाव की खुमरा बस्ती में कलयुगी बेटे अशरफ ने अपनी मां की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। बेटे ने अपनी मां के पेट और पीठ पर चाकू से कई वार किए। 60 वर्षीय शाहिदा अपने बेटे और बहू के साथ कोटद्वार के खुमरा बस्ती में रहती थी। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर मां और बेटे में कई दिनों से विवाद चल रहा था।आरोपी सुबह अपनी मां के पास आया और चाकू से वार कर भाग गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला के शव का पंचनामा भर पोस्ट मार्टम के लिए ले गई। खबर लिखे जाने तक हत्यारा बेटा पुलिस की पकड़ से बाहर है, पुलिस ने हत्यारे को पकड़ने के लिए नाकेबंदी शुरू कर दी है ।