विधानसभा अध्यक्ष खंडूड़ी द्वारा कलालघाटी स्थित राजकीय इंटर कॉलेज का नाम शहीद लांस नायक धनवीर सिंह राणा किए जाने की मांग
अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया का शुभारंभ कोटद्वार से किए जाने की मांग
कोटद्वार क्षेत्र में पुरानी पेयजल लाइनों को बदले जाने, कृषि भूमि व आवासीय भवनों के ऊपर से 11व 32 केवी हाईटेंशन लाइनों को शिफ्ट किए जाने, सिंचाई गूलों की मरम्मत एवं नई गूलों के निर्माण, मुख्य सड़क मार्गों का निर्माण को लेकर मुख्यमंत्री से भेंट
देहरादून 11 जुलाई। उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण ने कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र से संबंधित विभिन्न विषयों को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने विशेष तौर पर अग्निपथ योजना के अंतर्गत 19 अगस्त से उत्तराखंड में होने वाली अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया का शुभारंभ कोटद्वार से किए जाने की बात कही।
मुख्यमंत्री आवास पर मुलाकात के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि कोटद्वार में अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया को वृहद रूप दिया जाना चाहिए जिससे अधिक से अधिक संख्या में प्रदेश के युवा अपने सपनों को साकार करते हुए अग्निपथ योजना से जुड़ सकें। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र से संबंधित विभिन्न विषयों को लेकर मुख्यमंत्री से वार्ता की जिसमें कोटद्वार क्षेत्र में पुरानी पेयजल लाइनों को बदले जाने, कृषि भूमि व आवासीय भवनों के ऊपर से 11व 32 केवी हाईटेंशन लाइनों को शिफ्ट किए जाने, सिंचाई गूलों की मरम्मत एवं नई गूलों के निर्माण, मुख्य सड़क मार्गों का निर्माण, कलालघाटी स्थित राजकीय इंटर कॉलेज का नाम शहीद लांस नायक धनवीर सिंह राणा किए जाने सहित अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों के समाधान के बारे में बातचीत की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी विषयों पर उचित कार्यवाही को लेकर विधानसभा अध्यक्ष को आश्वस्त किया।
गैस के दामों में बढ़ौतरी,गरीब और मध्यम वर्ग की जनता पर अत्याचार : उविपा
उत्तराखण्ड विकास पार्टी ने रसोई गैस के दाम बढ़ाए जाने का कड़ा विरोध किया है। उत्तराखण्ड विकास पार्टी के सचिव एडवोकेट जगदीश चंद्र जोशी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सरकार से व्यापार घाटा नहीं संभाला जा रहा है और इसका खामियाजा आम जनता को उठाना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि भारत का व्यापार घाटा दिन ब दिन बढ़ता जा रहा है , जिसकी वजह से विदेशी कर्जों में बेतहाशा वृद्धि भी हुई है । पिछले एक साल पर ही नज़र डालें तो व्यापार घाटा 102 अरब डॉलर से बढ़कर वित्तीय वर्ष 2021- 22 में 189 अरब डॉलर हो गया है।
देश को वित्तीय संतुलन में रखने के लिए विदेशी क़र्ज़ महज 8 साल में डेढ़ गुना हो गया है।जो विदेशी क़र्ज़ 2014 में 450 अरब डॉलर के आस पास था , वो बीते 8 सालों में 621 अरब डॉलर से ऊपर जा चुका है ।
एडवोकेट जगदीश चन्द्र जोशी ने कहा कि सरकार को इसी साल तकरीबन 250 अरब डॉलर का कर्ज भी चुकाना है ,भारत का विदेशी मुद्रा कोष सिर्फ जून माह में 5 अरब डॉलर कम हुआ है । उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार देश की वित्तीय स्थिति को नहीं थाम पा रही है और इसलिए आम जरूरत की वस्तुओं जैसे गैस आदि में बढ़ौतरी तो कर ही रही है साथ ही साथ अनाप-शनाप टैक्स भी लगा रही है। क्योंकि जनता की कमाई में कोई बढ़ौतरी नहीं हो रही है और महंगाई लगातार बढ़ रही है इससे आम जनता परेशान है मगर भाजपा सरकार ने मीडिया का मुंह बंद कर रखा है।
एडवोकेट जगदीश चंद्र जोशी ने गैस के दामों को तुरंत घटाने और आम जरूरत की वस्तुओं पर भी टैक्स घटाने की मांग की है।
यूथ कांग्रेस कोटद्वार द्वारा रसोई गैस मूल्य वृद्धि और बेरोज़गारी को लेकर धरना प्रदर्शन
कोटद्वार। भाजपा की केंद्र सरकार और राज्य सरकारों द्वारा लगातार बेरोजगारों की उपेक्षा और रसोई गैस मूल्य वृद्धि को लेकर के कोटद्वार यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अमित राज और प्रदेश महामंत्री रूपेंद्र सिंह नेगी के नेतृत्व में सोमवार को शहर में जुलूस निकाल कर तहसील परिसर में धरना प्रदर्शन किया गया। कांग्रेसियों के अनुसार भाजपा की केंद्र सरकार और राज्य सरकार लगातार देश और राज्य के युवाओं की उपेक्षा कर रही है जिसे पूरे देश के युवाओं में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सरकारें रिक्त पड़े पदों पर रिक्तियां निकालने में ड्रामेबाजी कर रही हैं। कहीं रिक्तियां निकाली जा रही है तो उनके पेपर आउट करवा दिए जा रहे हैं, तो कहीं राज्य सरकारें युवाओं से परीक्षा शुल्क को लेकर वर्षों तक परीक्षा नहीं करवा रहे हैं या करवा रहे दिए गए हैं तो उनके परीक्षा परिणाम नहीं निकाले जा रहे हैं। जिससे कई युवाओं की उम्र सीमा भी पार कर चुकी है । इसके अतिरिक्त युवा कांग्रेसियों ने रसोई गैस के दामों में 50 पर वृद्धि पर भी नाराजगी जताते हुए कहा कि भाजपा की सरकारें लगातार गरीब और मध्यम परिवार के लोगों की रसोई भोजन छीनने का काम कर रही है। आम गरीब आदमी व मध्यम वर्ग जैसे तैसे कर परिवार की रोजी रोटी का जुगाड़ कर रहे हैं परंतु केंद्र सरकार और राज्य सरकार उन पर हथोड़ा मारने का काम कर रही हैं। इससे पूरे देश में अस्थिरता का माहौल पैदा होने लगा है और आम आदमी अपने को ठगा महसूस कर रहा है। इसके अलावा कोविड पीरियड में चिकित्सा सेवा से निकाले गए कर्मचारियों की मांग करते हुए युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष और प्रदेश महामंत्री ने अपने संयुक्त बयान में कहा कि एक माह में सरकार सेवा से निकाले गए कर्मचारियों की बहाली नहीं कररती है तो युवा कांग्रेस पूरे देश में सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी। कार्यक्रम में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष डॉ चंद्रमोहन, प्रदेश महासचिव रूपेंद्र नेगी, जिलाध्यक्ष अमित राज सिंह, धर्मेंद्र सिंह रावत, कृपाल सिंह नेगी, प्रदेश सचिव प्रवेश रावत कविता भारती, प्रीति सिंह, अनिल सिंह, राकेश आर्य,राजा आर्य, प्रवीण सिंह रावत, महेंद्र पाल सिंह रावत, विनोद नेगी, राकेश बिष्ट पार्षद, नसीम अहमद, जयवीर सिंह, रामचन्द्र सिंह सहित कई कांग्रेसी मौजूद रहे।


