उत्तराखंड क्रांति दल के आह्वान पर हुए कोटद्वार बंद को व्यापारियों का समर्थन
अंकिता हत्याकांड को लेकर उत्तराखंड बंद का आयोजन किया था उत्तराखंड क्रांति दल ने
रविवार,2 अक्टूबर। उत्तराखंड क्रांति दल के आह्वान पर हुए उत्तराखंड बंद को कोटद्वार में स्थानीय व्यापारियों का भरपूर समर्थन मिला परन्तु माल संस्कृति के प्रतिष्ठानों ने बंद में रूचि नहीं दिखाई और अपने प्रतिष्ठान खुले रखे। उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष शक्ति शैल कपरवाण एवं उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में यूकेडी कार्यकर्ताओं ने अंकिता भंडारी के हत्यारोपियों को फांसी की सजा दो, उत्तराखंड की बेटी को न्याय दो नारों के साथ शहर जुलूस निकाल कर प्रदर्शन किया। उत्तराखंड बंद के यूकेडी के आह्वान पर कोटद्वार के स्थानीय व्यापारियों ने अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने में अपने प्रतिष्ठान और दुकानों को बंद कर बं का समर्थन किया, वहीं बड़े माल संस्कृति के व्यापारिक प्रतिष्ठानों ने बंद को नकारते हुए अंकिता भंडारी की जघन्य अपराध से पल्ला झाड़ते हुए अपने प्रतिष्ठानों को खुला रख बता दिया कि उन्हें मानवता से कोई लेना देना नहीं, उन्हें केवल अपने व्यापार से मतलब है। बंद की सफलता से उत्साहित यूकेडी के कार्यकारी अध्यक्ष कपरवाण ने कहा कि बंद की सफलता ने यह साबित किया है कि जनता अंकिता भण्डारी के हत्यारों को फांसी की सजा दिलवाना चाहती है। उन्होंने कहा कि जनता ने यूकेडी के अपराध व भ्रष्टाचार मुक्त उत्तराखण्ड बनाने के नारे पर अपनी मोहर लगायी है । केंद्रीय उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह रावत ने कहा कि आज का उत्तराखंड बंद का आह्वान शुद्ध रूप से उत्तराखंड क्रांति दल द्वारा किया गया था, जिसको सभी सामाजिक, राजनीतिक दलों ने समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि कोटद्वार के व्यापारियों और स्थानीय जनता ने बंद को समर्थन देकर भाजपा की जीरो टॉलरेंस की अपराधियों को संरक्षण देने वाली सरकार को बता दिया कि राज्य की जनता दुराचारियों को स्वीकार नहीं करेगी।। केंद्रीय संगठन मंत्री हरीश द्विवेदी ने इस उत्तराखंड बंद को सरकार की भ्रष्ट नीतियों के खिलाफ बताया । उत्तराखंड बंद कोटद्वार के संयोजक जग दीपक रावत ने उत्तराखंड बंद के लिए आम जनता, व्यापारिक संगठन युवा ,छात्र ,महिला, पूर्व सैनिक ,पूर्व कर्मचारी संगठन सभी का आभार किया। कोटद्वार में उत्तराखंड बंद के संचालन में—गुलाब सिंह रावत,हयात सिंह गुसाईं, रमेश कोठारी,मदन सिंह बिष्ट,भूपाल सिंह रावत,जग मोहन रावत,अमित चौधरी विनोद अग्रवाल,–विनय भट्ट आदि ने सहयोग किया ।