महावीर चक्र विजेता शहीद राइफल मैन जसवंत सिंह रावत के शौर्य दिवस समारोह
जनपद गढ़वाल के बीरोंखाल अन्तर्गत ग्राम दुनाऊ में आयोजित शहीद राइफल मैन जसवंत सिंह रावत के शौर्य दिवस समारोह में केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने मुख्य अतिथि एवं प्रदेश के सैनिक कल्याण, औद्योगिक, विकास लघु सूक्ष्म एवं मध्यम उद्यम तथा ग्रामोद्योग मंत्री गणेश जोशी विशिष्ट अतिथि व विधायक दिलीप रावत ने प्रतिभाग करते हुए, दीप प्रज्ज्वलित एवं शहीद जसवंत सिंह रावत के चित्र पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। शहीद के परिजनों को अंग वस्त्र ओढाकर व फूल माला से सम्मानित किया। इस दौरान उपस्थित अतिथियों ने स्मारिका ‘हीरो ऑफ नेफा‘ का विमोचन किया। सम्मानित होने वालो में शहीद के छोटे भाई विजय सिंह रावत, बहु मधु रावत, बहिन राजेश्वरी नेगी एवं रेनु बिष्ट शामिल हैं। शहीद के घर को संग्रालय बनाने, हेलीपैड बनाने एवं मैदान के सौन्दर्यकरण करने की बात की। धामी सरकार, प्रदेश के शहीद सैनिकों के परिवार के एक सदस्य को नौकरी दे रही है। देहरादून में शहीद सैन्य धाम बनाये जा रहे है, जिसमें शहीद महावीर चक्र विजेता जसवंत सिह रावत एवं शहीद हर भजन सिंह का शहीदी मंदिर बनाये जायेंगे।
केंद्रीय रक्षा राज्य तथा पर्यटन मंत्री श्री भट्ट ने अपने संबोधन में महावीर चक्र विजेता शहीद जसवंत सिंह रावत को स्मरण करते हुए उनके शौर्य और वीरता का गुणगान करते हुए कहा कि वीर जसवंत सिंह रावत ने जनपद के साथ-साथ उत्तराखंड तथा पूरे देश का नाम रोशन किया है। जिससे दुश्मन देशों की सेनाएं आज भी इस प्रणाम करती हैं। वीर जसवंत सिंह रावत के शौर्य और पराक्रम को लेकर प्रदेश सरकार की ओर से देहरादून में उनकी एवं वीर सैनिकों की स्मृति में सैन्य धाम का निर्माण कर रहा है। उन्होंने कहा कि देहरादून में बनने वाले सैन्य धाम में महावीर चक्र विजेता जसवंत सिंह रावत और वीर सैनिक हरभजन सिंह की स्मृति में मंदिरों का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वीर जसवंत सिंह के साथ दो अन्य जो जवान साथ में थे, उनका नाम भी इतिहास के पन्नों पर जोड़कर लोगों को प्रेरित किया जाना चाहिए। रक्षा राज्यमंत्री ने कहा कि पौड़ी जनपद के बीरोंखाल क्षेत्र को वीर भूमि के नाम से जाना जाता है। यहां पर वीरांगना तीलू रौतेली से लेकर वीर शहीद जसवंत सिंह जैसे सपूतों ने जन्म लिया है।