सिद्धबाबा के जागरों के साथ सम्पन्न हुआ तीन दिवसीय सिद्धबली बाबा वार्षिक अनुष्ठान
कोटद्वार । श्री सिद्धबली मंदिर परिसर में चल रहे तीन दिवसीय श्री सिद्धबली बाबा वार्षिक अनुष्ठान के समापन अवसर पर एकादश कुंडीय यज्ञ की पूर्णाहूति के साथ ही सिद्धबाबा के जागरों का बोलबाला रहा ।जागर गायकों ने लोगों को नाचने पर मजबूर कर दिया । सिद्धबाबा के जागर संपन्न होने के बाद सिद्धबाबा को सवामन रोट का भोग लगाया गया व बाद में इस रोट को प्रसाद के रूप में वितरित किया गया।सिद्धबाबा के जागरों के साथ सम्पन्न हुआ तीन दिवसीय सिद्धबली बाबा वार्षिक अनुष्ठान
तीन-दिवसीय मेले के अंतिम दिन रविवार को ब्रह्ममुहूर्त में श्री सिद्धबाबा के महाभिषेक के उपरांत आचार्य पं.देवी प्रसाद भट्ट के सानिध्य में रूद्र पाठ हुआ। तत्पश्चात आचार्य भट्ट के सानिध्य में पिछले तीन दिन से चल रहे एकादश कुंडीय यज्ञ का भी पूर्णाहुति के साथ समापन किया गया। यज्ञ समापन के उपरांत श्री सिद्धबाबा के जागर शुरू हुए। जहरी निवासी जागरी सर्वेश कुकरेती व साथियों द्वारा प्रस्तुत जागरों को सुनने के लिए श्रद्धालु सिद्धबली मंदिर में पहुंचे।हालांकि कोरोना महामारी के चलते श्रद्धालुओं की भीड नही रही ।सिद्धबाबा के आशीर्वाद के उपरांत श्रद्धालुजनों ने सवामन आटे के रोट का भोग लगाया गया।मेले के दौरान तीन दिनों तक विशाल भंडारे का भी आयोजन उद्योगपति अनिल कंसल की ओर से आयोजित किया गया था ।जोकि रविवार को मेला समाप्त होने के साथ ही संपन्न हो गया। तीन दिन तक सिद्धबाबा के दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं ने भंडारे में शामिल होकर प्रसाद ग्रहण किया।
किसानों के साथ हो रहे अन्याय को सहन नहीं करेगी यूथ कांग्रेस- सुमित्तर भुल्लर
कोटद्वार। यूथ कांग्रेस ने किसानों के द्वारा केन्द्र सरकार के द्वारा पारित किसान बिल के विरोध में किये जा रहे आंदोलन का पूरा समर्थन करते हुए कहा कि यूथ कांग्रेस देश के किसानों के साथ खड़ा है, यूथ कांग्रेस ने कहा कि जब तक केन्द्र सरकार किसान विरोधी बिल को वापिस नहीं ले लेती तब तक यूथ कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। साथ ही युवाओं को रोजगार के मुद्दे को लेकर भी प्रदेशभर में आंदोलन चलाया जायेगा।लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर ने प्रेस वार्ता करते हुए कहा कि वर्तमान में केन्द्र सरकार के द्वारा किसानों के हितों को अनदेखी की जा रही है, केन्द्र सरकार ने बगैर किसानों की सहमति के ही किसान विरोधी बिलों को संसद में पारित करवा दिया है, जिससे किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, कहा कि मोदी सरकार सिर्फ कारपोरेट घरानों के कठपुतली बनकर रह गयी है, मोदी सरकार को किसानों एवं आम लोगों की कोई परवाह नहीं है। प्रदेश अध्यक्ष ने केन्द्र सरकार से किसान विरोधी कृषि बिल को तत्काल वापिस लेने की मांग की है। प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश सरकार का चार साल का कार्यकाल घोर निराशाजनक रहा है, चार में युवाओं के रोजगार के लिए कोई नीति नहीं बना पायी है, जिससे हजारों की संख्या में युवा बेरोजगार सड़कों पर आंदोलन कर रहे है, कहा कि आगामी विधानसभा सत्र के दौरान बेरोजगारों के मुद्दे के लेकर विधानसभा का घेराव करेगी। कहा कि रोजगार को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री सिर्फ राजनीतिक बयानबाजी कर रहे है, धरातल पर कोई भी कार्य नहीं हो पा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष ने संगठनात्मक ढांचे को चुस्त दुरस्त बनाये जाने की बात करते हुए कहा कि आगामी 2022 के चुनाव के लिए युवाओं ने कमर कस दी है, तथा प्रत्येक विकास खंड स्तर पर कार्यकारिणी का गठन करने के लिए जिलाध्यक्षों को निर्देशित कर कि हर हाल में आगामी पंद्रह दिसम्बर तक कार्यकारिणी गठित करने की बात कही है। इस मौके पर यूथ कांग्रेस के जिला प्रभारी कमल कांत, जिलाध्यक्ष अमित राज सिंह, विधानसभा अध्यक्ष विजय रावत, सौरभ नेगी, अनिल रतूड़ी, विष्णु उनियाल, छात्रसंघ अध्यक्ष हिमांशू बहुखंडी, पूर्व अध्यक्ष सूरज प्रसाद कांति सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।

