बधाइयां देवभूमि, नशामुक्ति अभियान से जुड़ी डबल इंजन सरकार में देवभूमि में चार शराब की नई दुकानों का आबंटन
जनपद में 04 नव सृजित दुकानों का हुआ आवंटन
जिलाधिकारी की उपस्थिति में खोला गया सील बंद ऑफर आवेदन
पौड़ी/29 मार्च, 2025। उत्तराखंड नशामुक्ति अभियान को प्रोत्साहित करने वाली डबल इंजन भाजपा सरकार ने देवभूमि पौड़ी गढ़वाल में छः में से चार और नई दुकानों का आबंटन कर शायद गढ़वाल क्षेत्र को नशामुक्ति के लिए प्रेरित कर दिया है। गौरतलब है कि छः नई दुकानों में दो स्थानों पर स्थानीय लोगों के विरोध के चलते केवल चार दुकानों का आबंटन हो पाया। शनिवार को पौड़ी जिले में 4 नव सृजित विदेशी मदिरा दुकानों के स्थापना की प्रक्रिया पूरी की गई। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की उपस्थिति में 4 नव सृजित दुकानों के लिए अधिकतम राजस्व ऑफर के सील बंद आवेदनों को खोला गया।
जिलाधिकारी कैम्प कार्यालय में जिलाधिकारी की उपस्थिति जनपद के ढाबखाल, रमणी, दुधारखाल और कसाणी में नई दुकानों के लिए आवेदनों को खोला गया। अधिकतम राजस्व ऑफर करने वाले शराब ठेकेदारों को इन दुकानों का आवंटन किया गया। नई दुकानों की स्वीकृति के लिए रिपोर्ट आबकारी आयुक्त को भेज दी गयी है।
जनता के विरोध के चलते दो नई दुकानों का आबंटन रूका
इसके अलावा, व्यास घाट और कांडीखाल में विदेशी मदिरा दुकान खोलने के लिए स्थानीय जनता के भारी विरोध के चलते जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी और आबकारी निरीक्षक को संयुक्त रूप से निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। इन स्थानों पर दुकान खोलने के निर्णय से पहले शांति व्यवस्था की स्थिति का मूल्यांकन किया जाएगा।
इस मौके पर अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल, आबकारी निरीक्षक रविंद्र डिमरी, खजान सिंह, यशवंत सिंह, ओमप्रकाश सहित विदेशी मदिरा दुकानों के संचालक उपस्थित थे।
