कौड़िया में हुई चोरी का खुलासा, 2 चोर गिरफ्तार
कोटद्वार नगरनिगम क्षेत्र के कौड़िया में 9 जून को हुई चोरी की घटना का खुलासा करने में पुलिस को कामयाबी मिली है। पुलिस को 2 शातिर चोरों को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद करने में सफलता मिली है। पुलिस ने घटना में शामिल उत्तर प्रदेश बिजनोर के दो शातिर चोर देवेन्द्र चौधरी और फैजल को गिरफ्तार कर उनसे चोरी का समान बरामद कर लिया है। विगत 9 जून को कोटद्वार नगर के कौड़िया क्षेत्र में बदमाशों ने नरेन्द्र सिंह नेगी के घर से नकदी, लेपटॉप सहित अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस अधीक्षक पी रेणुका देवी ने कोटद्वार पुलिस को घटना जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए। अपर पुुुलिसअधीक्षक मनीषा जोशी और पुलिस क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार जोशी के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र सिंह बिष्ट और CIU प्रभारी इंस्पेक्टर विजय सिंह के नेतृत्व में जांच टीम का गठन किया गया था।कोटद्वार पुलिस की संयुक्त टीम ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी। पुलिस ने शुरुआती जांच में मिले सुरागों के अधार पर विवेचना शुरू की तो वे घटना में शामिल बदमाशों तक पहुंच गए।पुलिस टीम द्वारा चोरी में संलिप्त अभियुक्त देवेन्द्र सिंह चौधरी पुत्र स्व0 हुकुम सिंह निवासी- बेनीपुरा पोप्पा खतरीवाला, थाना- बढ़ापुर, जिला- बिजनौर (उ0प्र0) उम्र- 34 वर्ष और फैजान पुत्र मुन्ना जहाँगीर निवासी ग्राम-हर्षवाड़ा, थाना- नजीबाबाद, जिला बिजनौर (उ0प्र0) उम्र- 28 वर्ष को बी0एल0 रोड़ के पास से चोरी किये गये माल के साथ गिरफ्तार किया गया।पुलिस अधिकारियों के अनुसार चोरी की घटना में शामिल अभियुक्त शातिर किस्म के चोर है जो विभिन्नि क्षेत्रो में चोरी की संगीन घटना को अंजाम देते है। दोनों बदमाश पहले भी चोरी की घटनाओं में जेल जा चुके है । पुलिस ने बदमाशों से चोरी किये गए 7,000/- रूपये नगद, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, स्वास्थ्य कार्ड व एक लैपटॉप बरामद किया।घटना का खुलासा करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक श्री नरेन्द्र सिंह बिष्ट, निरीक्षक श्री विजय सिंह (प्रभारी सी.आई.यू.), उ0नि0 श्री सुनील पंवार, कान्सटेबल सोनू, कान्स. आबिद, कान्स.हरीश, कान्स. संतोष सिंह, कान्स टीकम, कान्स. सुनित कुमार, कान्स. अमरजीत शामिल थे।
कोटद्वार में महिला द्वारा पुलिस में भर्ती कराने को लेकर ठगी करने का मामला
पीड़ित युवक द्वारा ठगी करने का मामला कराया दर्ज, पुलिस हुई सक्रिय
कोटद्वार। कोटद्वार क्षेत्र में एक महिला द्वारा दूसरी महिला को पुलिस में भर्ती कराने की ठगी का मामला सामने आया है। लाकडाउन काल में लगातार ठगी के कई तरह-तरह के मामले प्रकाश में आए हैं । अब एक मामला पुलिस में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का प्रकाश में आया है । शुक्रवार को एक युवक ने एक युवती पर पुलिस विभाग में नौकरी लगाने के नाम पर एक लाख रूपये ठगने का आरोप लगाया है । युवक ने युवती के खिलाफ कोतवाली कोटद्वार में तहरीर दर्ज कराई है । जिसके बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है । रतनपुर सुखरौ निवासी प्रियेश बिष्ट ने कोतवाली में तहरीर दर्ज कराते हुए पुलिस को बताया कि 12 नवंबर वर्ष 2018 में तड़ियाल चौक कोटद्वार निवासी युवती रूबी रावत की उससे कुछ साल पहले मुलाकात हुई । रूबी ने उससे कहा कि उसका परिचित पुलिस विभाग में है , जो उसे पुलिस में भर्ती करा देगा । इस समय उसे एक लाख की जरूरत है तो फिलहाल एक लाख रूपये दे दो और भर्ती के समय मैं तुमसे खुद संपर्क कर लूंगी । चाहे तुम पैसे ले लेना या भर्ती होना चाहो तो भर्ती हो जाओगे , जिस पर उसने युवती को एक लाख का चेक दे दिया , लेकिन तीन साल बीत जाने के बाद भी युवती ने न तो उसे पुलिस में भर्ती कराया और न ही उसके पैसे वापस दिये हैं । कोतवाली कोटद्वार के वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रदीप नेगी ने बताया कि रतनपुर सुखरौ निवासी प्रियेश बिष्ट की ओर से पुलिस विभाग में नौकरी लगाने के नाम पर रूबी रावत नाम की युवती के खिलाफ तहरीर दर्ज कराई गई है । तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है । जांच के बाद ही सत्यता पाये जाने पर कार्यवाही की जायेगी । पुलिस क्षेत्राधिकारी कोटद्वार अनिल कुमार जोशी ने बताया कि कोतवाली कोटद्वार में रूबी रावत नाम की युवती के खिलाफ पुलिस में नौकरी लगाने के नाम पर ठगी करने की तहरीर रतनपुर सुखरौ निवासी प्रियेश बिष्ट ने दर्ज कराई गई है । मामला वर्ष 2018 का होने के कारण मामले की पूर्ण जांच की जायेगी । यदि युवती के खिलाफ जांच में सत्यता पाई जाती है , तो उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्यवाही की जायेगी ।
राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद द्वारा विद्यार्थियों के लिए समर कैंप का आयोजन
कोटद्वार।जनपद पौड़ी गढ़वाल के अंतर्गत आने वाले विकास खंड जयहरीखाल के कक्षा 4 से लेकर कक्षा 8 तक के विद्यार्थियों में रचनात्मकता की वृद्धि हेतु, राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद देहरादून व डाइट चड़ीगांव के तत्वावधान में नवाचारी पहल घर पर कैम्प का आनंद, समर कैम्प 2021की थीम के अंतर्गत तेरह दिवसीय “ऑनलाइन समर कैम्प” का शुभारम्भ हो गया है। कार्यक्रम 18 जून 2021 से 30 जून2021तक चलेगा। कार्यक्रम की शुरुआत में डाइट चड़ीगांव पौड़ी के प्राचार्य डॉ महावीर सिंह कलेठा जी ने खंड शिक्षा अधिकारी विकास क्षेत्र जयहरीखाल, ब्लॉक मेंटर जयहरीखाल तथा सभी शिक्षक/शिक्षिकाओं तथा विद्यार्थियों को इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया और उन्हें अपनी शुभकामनाएं दी।ऑनलाइन कार्यक्रम के संकल्पनाश्रोत व इस शानदार विचार के प्रणेता एवं विकास खंड जयहरीखाल के मेंटर डॉ0 नारायण प्रसाद उनियाल जी ने कार्यक्रम के महत्व पर बल देते हुए, इसे छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों के मध्य संवाद स्थापित करने की अनूठी व बेहतरीन पहल बताया। विकास खंड जयहरीखाल के खंड शिक्षा अधिकारी श्री सुमेर सिंह कैंतुरा जी ने इस तरह की प्रेरणादायक पहलों को स्वागतयोग्य करार दिया।उन्होंने प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों के साथ-साथ जयहरीखाल विकास खंड के असीम उत्साह,ऊर्जा,और उमंग से भरपूर शिक्षकों/शिक्षिकाओं की पूरी टीम जो इस समर कैम्प की तैयारियों में दिन-रात मेहनत कर रही है,का खूब उत्साहवर्धन किया, और आगामी दिवसों में भी हर प्रकार का सहयोग देने की बात पर जोर दिया।खंड शिक्षा अधिकारी इस कार्यक्रम की पूरी समीक्षा और मॉनिटरिंग लगातार करते रहेंगे तथा 30 जून को समर कैम्प के समापन के पश्चात उच्चाधिकारियों के समक्ष भी कार्यक्रम को लेकर अपनी बात रखेंगे। अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन के समन्वयक डॉ संजय नौटियाल जी इस पूरे कार्यक्रम को अकादमिक और तकनीकी सहयोग प्रदान कर रहे हैं।
शुक्रवार से कार्यक्रम की शुरुआत हुई इसमें योग कार्यक्रम के अंतर्गत श्री मनोज रावत जी ने योग के महत्व को समझाया और बाद में श्री सोमपाल प्रजापति जी ने बच्चों को ताड़ासन और वृक्षासन के गुर सिखाए और उनसे होने वाले लाभों से भी अवगत कराया। तत्पश्चात कहानी कहानी गतिविधि में “गिलहरी का ब्याह” नामक कहानी द्वारा छात्रों से संवाद स्थापित कर, श्रीमती निर्मला रौतेला जी ने छात्रों से कहानी से जुड़े प्रश्न पूछे और मिलने वाली सीख का उल्लेख भी किया। सुलेख सेगमेण्ट में श्रीमती कृष्णा नेगी और श्री भुवनेश्वर थपलियाल द्वारा बच्चों को “सुंदर बनावट के साथ हस्तलेख कैसे सुधारें” को अपनी प्रस्तुति द्वारा समझाया।
तत्पश्चात श्री जय प्रकाश भारती जी ने पेंसिल की सहायता से कला कौशलों का विकास और चित्रकारी करना सिखाया। गतिविधि के अंतर्गत उन्होंने परम्परागत गढ़वाली गागर बनाना सिखाया। रेसिपी गतिविधि में श्रीमती विजयलक्ष्मी काला जी ने कोरोना काल में रोगप्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाली मसाला चाय बनाने की प्रस्तुति दी।
श्री महिपाल सिंह रावत जी द्वारा “कबाड़ से जुगाड़” वाले भाग में गुब्बारे और अखबारी कतरन से आकर्षक फूलदान और विद्युत लैंप बनाने सिखाये और बेकार पड़ी वस्तुओं से उपयोगी वस्तुएं बनाने पर जोर दिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के सत्र में श्रीमती दीपा रानी जी की टीम के साथ-साथ बच्चों ने लोक-संगीत, लोक-गीत और वाद्य-यंत्रों के साथ समां बाँधा। पूरे कार्यक्रम के दौरान बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। कार्यक्रम में श्री सूरजमोहन रावत औऱ विपिन वर्मा ने आई सी टी और राजीव थपलियाल ने मीडिया प्रभारी, समर कैम्प की भूमिका का निर्वहन किया। रघुनाथ गुसाईं, जसपाल असवाल,और चंद्रमोहन रावत ने बहुत ही सुंदर ढंग से कार्यक्रम संचालन में सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम का संपादन खंड शिक्षा अधिकारी जयहरीखाल और प्रभारी बी आर सी श्री मोहन सिंह गुसाईं की देखरेख में हो रहा है। आगामी दिवसों में जनपद के अन्य विकास खंडों के जागरूक शिक्षक- शिक्षिकाओं का भी सहयोग लिया जायेगा।आज पहले दिन जयहरीखाल विकासखंड के लगभग 125 विद्यार्थियों ने ऑनलाइन समर कैम्प में प्रतिभाग किया।

