मेनू
News

मोटर व्यवसाइयों की तरफ भी ध्यान दे सरकार

Reporter
रिपोर्टर: Author August 5, 2026
 

पेंशनरों का सेवारत कर्मचारियों के समान अंशदान कटने का विरोध
कोटद्वार।पुलिस पेंशनर्स कल्याण समिति के पदाधिकारियों ने सरकार से अटल आयुष्मान स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत सेवारत कर्मचारियों के वेतन तथा पेंशनरों की पेंशन के अनुरूप ही अंशदान काटे जाने की मांग की है। इस संबंध में समिति के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है।ज्ञापन में कहा गया है कि सरकार द्वारा अटल आयुष्मान स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत पेंशन भोगियों का अंशदान सेवारत कर्मियों के समान काटा जा रहा है जो न्याय संगत नहीं है। कहा कि पेंशनरों को सेवारत कर्मचारी के वेतन अपेक्षा 50 प्रतिशत कम पेंशन तथा पारिवारिक पेंशनभोगी को मात्र 30 प्रतिशत पेंशन ही मिलती है। ऐसे में सेवारत कर्मियों के समान अंशदान लिया जाना पेंशनरों के प्रति अन्याय है। उन्होंने ज्ञापन में पेंशनरों की पेंशन के अनुरूप ही अंशदान काटे जाने की मांग की है ज्ञापन भेजने वालों में समिति के अध्यक्ष गोविद डंडरियाल ओमप्रकाश हुकुम सिंह सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।
———————————-
वार्ड नं.3 सनेह मल्ली में आरबीएम भंडारण शुरू होने पर रोष जताया
कोटद्वार।पूर्व सैनिकों ने सनेह मल्ली वार्ड नं.3 क्षेत्र में आबादी के बीच आरबीएम भंडारण कार्य फिर शुरू होने पर रोष जताया है। बैठक में पूर्व सैनिक सेवा परिषद के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रिटायर्ड कैप्टन हंसवंत सिंह ने कहा कि पिछले माह आबादी के बीच में बने आरबीएम भंडारण केंद्र को हटाने की मांग को लेकर पूर्व सैनिक धरना प्रदर्शन किया था तो आबादी के बीच भंडारण की गतिविधियां बंद हो गयी थी लेकिन अब वो दोबारा शुरू हो गई हैं।  जबकि इस भंडारण को बंद करने के लिए गढवाल सांसद तीरथ सिह रावत ने भी सहमति जताई थी,तथा भंडारण व्यवसाइयों ने भी सांसद के सम्मुख भंडारण न करने के पूर्व सैनिक संगठन को आश्वासन दिया था ।  पूर्व सैनिकों ने जानकारी देते हुए कहा कि फिर से भंडारण शुरू होने पर दोबारा विरोध किया जायेगा। यह विरोध भंडारण न हटने तक जारी रहेगा चाहे पूर्व सैनिकों को इसके लिए शक्ति प्रदर्शन ही क्यों न करना पडे। इस मौके पर सीपी डोबरियाल, जीके बड़थ्वाल, अनूप बिष्ट, सुभाष कुकरेती, बलवान सिंह, सूरवीर सिंह, उमेद सिंह,सतपाल सिंह आदि मौजूद रहे।
—————————————-
मोटर व्यवसाय से जुड़े श्रमिकों को केवल आश्वासन मिला
कोटद्वार।गढ़वाल मोटर ट्रांसपोर्ट वर्कर्स यूनियन के पदाधिकारियों ने कहा कि कोरोना काल में शासन ने वाहन स्वामियों को टैक्स, बीमा, फिटनेस में आदि में छूट दिए जाने की घोषणा की थी, लेकिन सरकार की यह घोषणा मोटर व्यवसाय से जुडे व्यवसाइयों के लिये खोखली साबित हुई। प्रेस को जारी एक विज्ञप्ति में यूनियन के अध्यक्ष संदीप अग्रवाल व सचिव सुरेंद्र सिंह रावत ने कहा है कि कोरोना काल में यातायात पूरी तरह बंद हो जाने से इस व्यवसाय से जुड़े लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। इस कारण चालक परिचालकों के समक्ष रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया। जिनकी मदद के लिए यूनियन द्वारा केंद्र व राज्य सरकार से मदद की गुहार लगाई लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। शासन ने वाहन स्वामियों को टैक्स बीमा, फिटनेस में आदि में छूट दी लेकिन इस व्यवसाय से जुड़े मजदूरों को केवल आश्वासन ही दिया। जबकि शासन की ओर से संकट काल में तथा चुनाव के दौरान उन्हें जबरन ड्यूटी करने को बाध्य किया जाता है। यूनियन के पदाधिकारियों ने बताया कि विगत अगस्त माह में काबीना मंत्री डा हरक सिंह रावत ने जीएमटी कार्यालय पहुंचकर राशन किट का वितरण किया था जिसके लिए यूनियन ने उनका आभार व्यक्त किया। यूनियन के पदाधिकारियों ने मोटर श्रमिकों,मोटर व्यवसाइयों के विभिन्न मुद्दों और समस्याओं पर चर्चा करने के लिए 20 अक्टूबर को जीएमटी भवन में बैठक आयोजित की जायेगी।
——————————————-
भैडगांव के ग्रामीणों ने बदरी विशाल मंदिर में हवन यज्ञ का आयोजन
 कोटद्वार। कोरोना संक्रमण को रोकने तथा देश की सुख समृद्धि एवं धन धान्य की कामना को लेकर भैडगांव के ग्रामीणों ने बदरी विशाल मंदिर में हवन यज्ञ का आयोजन किया। विकास खंड द्वारीखाल के ग्राम भैड़गांव में आचार्य राकेश लखेड़ा के सानिध्य में बदरी विशाल मंदिर में आयोजित हवन यज्ञ करते हुए ग्रामीणों ने कहा कि वर्तमान में पूरे विश्व में कोरोना जैसी जानलेवा बीमारी फैली हुई है, भारत में भी कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है, साथ उत्तराखंड भी कोरोना संक्रमण से अछूता नहीं है, अभी तक उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में कोरोना का असर कम दिखायी दे रहा था, लेकिन अब पहाड़ों में कोरोना संक्रमण की खबरें मिल रही है, जोकि चिंता का विषय है, कहा कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए केन्द्र एवं राज्य सरकारों के द्वारा जारी गाइड लाइन का पूरी तरह से पालन किया जा रहा है, इसके अलावा रोग प्रतिरोधक क्षमता बढाने के लिए पर्वतीय क्षेत्रों में प्रचलित घरेलू जड़ी बूटियां पर कारगर साबित हो रही है। आचार्य राकेश लखेड़ा ने कहा कि हवन यज्ञ करने से वायु में फैल रहे रोग जनित विषाणुओं को समाप्त किया जा सकता है, तथा वायुमंडल को शुद्ध रखा जा सकता है। इस मौके पर सुधीर काला, सुभाष काला, जनार्दन प्रसाद काला, पंकज बहुगुणा, अर्जुन सिंह बिष्ट, जगदीश नेगी, संदीप रावत, पवन सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।
—————————————
बेटियों के प्रति बढ़ रहे अपराधों पर जताई चिंता
कोटद्वार।बहुजन क्रांति मोर्चा ने देशभर में बेटियों के खिलाफ लगातार बढ़ रहे अपराधों पर चिंता जताई है। इन घटनाओं पर रोक लगाने के लिए शीघ्र कड़े कदम उठाने की मांग को लेकर मोर्चा के प्रतिनिधियों ने उपजिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा।ज्ञापन में कहा गया है कि पिछले दिनों उत्तर प्रदेश के हाथरस व बलरामपुर में अनुसूचित जाति की बेटियों के साथ हुए जघन्य अपराध ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। इसके अलावा देश के अन्य राज्यों में बेटियों के खिलाफ लगातार अपराध बढ़ते ही जा रहे हैं। लेकिन पुलिस प्रशासन अपराधों की रोकथाम के लिए गंभीर नहीं हैए जिस कारण अपराधी खुलेआम घुम रहे हैं। कहा कि पिछले दिनों केंद्र सरकार द्वारा लाये गये कृषि विधेयकों के खिलाफ संतकबीर नगर बाराबंकी प्रतापगढ़ इटावा आदि में प्रदर्शन कर रहे राष्ट्रीय किसान मोर्चा के सदस्यों पर पुलिस प्रशासन द्वारा फर्जी मुकदमे दर्ज किए गए है। जो कि पूर्णता गलत है। कहा कि केंद्र व राज्य सरकारों द्वारा सरकारी उपक्रमों का निजीकरण करके आरक्षण को समाप्त करने का षडयंत्र रचा जा रहा हैए जिसका मोर्चा निंदा करता है। कहा कि मोर्चा सरकार जघन्य अपराध के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के साथ ही पीड़ित परिवारों को सुरक्षा व मुआवजा देने की मांग करता है और बेटियों के खिलाफ बढ़ रहे अपराधों की रोकथाम के लिए जल्द कड़े कदम उठाने की मांग करता है। इसके अलावा उन्होंने राष्ट्रीय किसान मोर्चा के सदस्यों पर दर्ज फर्जी मुकदमों को वापस लेने की भी मांग की। चेतावनी देते हुए कहा कि शीघ्र ही उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे चरणबद्ध तरीके से राष्ट्रव्यापी आंदोलन को बाध्य होंगे जिसकी सारी जिम्मेदारी केंद्र सरकार की होगी।ज्ञापन प्रेषित करने वालों में मोर्चा के जिला संयोजक श्याम लाल सतीश ओडवाल चंद्रमोहन भूपेंद्र सिंह इंद्र सिंह सुरेंद्र सिंह सत्यपाल सिंह सत्यपाल सिंह पुष्कर सिंह रामेश्वर आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

संबंधित खबरें