सड़क को लेकर मवाकोट के लोगों का वन मंत्री का घेराव
मवाकोट-कण्वघाटी-राजकीय महाविद्यालय कोटद्वार मोटरमार्ग पर बंद हो राजनीति
कोटद्वार। लंबे समय से राजकीय महाविद्यालय कोटद्वार – मवाकोट मोटर मार्ग को लेकर क्षेत्र के लोगों द्वारा बुधवार को वन मंत्री का उनके आवास पर घेराव किया गया। मवाकोट के लोगों के अनुसार जब से उत्तराखंड राज्य बना है सड़क पर जो भी सरकार आती है वह राजनीति करने लगती है। राज्य बनने के बाद से ही सड़क ज्यों की त्यों आधी अधूरी बनी रह जाती है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि मवाकोट- महाविद्यालय मोटर मार्ग मवाकोट के लोगों के लिए बहुत सुलभ मार्ग है। यह मार्ग कलालघाटी और कण्व आश्रम के लिए भी बहुत सुविधाजनक मोटर मार्ग साबित हो सकता है, लेकिन 20 वर्ष बीत जाने के बाद भी इस सड़क पर स्थाई यातायात रूप से नहीं चलने के कारण क्षेत्र के लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने वन मंत्री हरक सिंह रावत से मिलकर सड़क का समाधान करने की बात कही। वन मंत्री ने भी एक हफ्ते में सड़क का कार्य सुरू करने का आश्वासन दिया। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि अगर 1 सप्ताह बाद सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं होता है तो वह एक बड़े जन आंदोलन के लिए मजबूर होंगे जिसकी जिम्मेदारी वन मंत्री और राज्य सरकार की होगी।
होली को लेकर पीस कमेटी के साथ पुलिस ने की बैठक
भाईचारे और शांति पूर्ण तरीके से मनाएं होली- कोटद्वार कोतवाल नरेन्द्र बिष्ट
कोटद्वार । होली को लेकर कोतवाली कोटद्वार में बुधवार को पीस कमेटी की बैठक की गई जिसमें होली मनाने के सम्बंध में चर्चा की गई । बैठक में कोतवाली प्रभारी नरेन्द्र सिंह बिष्ट ने कहा कि सभी गणमान्य लोग क्षेत्र में त्योहारों के दौरान शांति पूर्ण माहौल बनाए रखने में पुलिस प्रशासन की मदद करें, यदि इस बीच शरारती तत्वों की सक्रियता की सूचना हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। कहा कि किसी असमाजिक तत्त्व के बहकावे में न आएं। सभी भाईचारा बनाकर होली का पर्व मनाएं। बैठक में उन्होंने लोगों से क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। कहा कि माहौल खराब करने का प्रयास जो करेगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। होली पर सुरक्षा के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस बल क्षेत्र में तैनात किया जाएगा। ताकि किसी भी प्रकार से कोई अप्रिय घटना न हो पाए।

