अशासकीय विद्यालयों में नियुक्तियों में घोर अनियमितता
नियुक्ति व आर्थिक अनियमितता का मामला
नामजद शिकायत प्रमाणित होने के वावजूद शिक्षा विभाग कार्यवाही करने से बचता फिर रहा
शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली के खिलाफ धरने पर बैठा शिकायतकर्ता
पौड़ी। पौड़ी जिले के अशासकीय विद्यालयों में अवैध शिक्षक, लिपिक नियुक्ति घोटोले के विरोध राजेश सिंह राजा कोली द्वारा मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर धरना देने से शिक्षा विभाग की कारगुजारियों का खुलासा हुआ । धरने पर बैठे शिकायतकर्ता राजा कोली द्वारा उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री और शिक्षा विभाग के आलाधिकारियों सहित जिलाधिकारी व मंडलायुक्त को ज्ञापन प्रेषित किया। गौरतलब है कि राज्य बनने के बाद से ही से पौड़ी जिले के अशासकीय स्कूलों में शिक्षक/शिक्षणेत्तर कर्मियों की नियुक्तियां विवादित रही हैं। कई बार शिकायत होने,सूचना अधिकार से अवैध नियुक्तियों का मामला शासन तक भी पहुंचा मगर, कार्यवाही के नाम पर कुछ होता हुआ नहीं दिखा। इसको लेकर शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली तमाम सवाल उठ रहे हैं।
शिक्षा विभाग में चल रहे इस गोरखधंधे को लेकर ग्राम. पयासू, पोस्ट-तोली निवासी राजेश सिंह राजा कोली द्वारा शिक्षा माफिया एवं एक पत्रकार के हमसाज होकर अवैध नियुक्तियों का गोरखधंधा चलाने के खिलाफ कार्यवाही की मांग को लेकर मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर सांकेतिक धरना देते हुए मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री, डीजी, कमिश्नर, डीएम, मंडलीय अपर निदेशक, सीईओ, को भेजे ज्ञापन में उन्होंने कहा कि उनके द्वारा की गई शिकायत पर की गई जांच में शिकायत सही पाई गई, परन्तु आज तक शिक्षा विभाग दोषियों के खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं की। राजा कोली द्वारा इंटर कालेज डांगीधार में प्रबंधक द्वारा आर्थिक गबन, लिपिक की अवैध नियुक्ति, हाई स्कूल कोटागढ़ में सहायक अध्यापक की विभागीय नियमावली के विरुद्ध नियुक्ति, इंटर कॉलेज जखेटी में लिपिक की अवैध नियुक्ति, इंटर कॉलेज गढ़कोट में सहायक अध्यापक हिंदी के पद पर नियमों को ताक पर रखकर नियुक्ति के मामले का उजागर किया है। ज्ञापन में उन्होंने उक्त प्रकरणों पर कार्यवाही की मांग की है। कार्यवाही नहीं होने पर धरने को अनिश्चित कालीन धरने में परिवर्तित करने की घोषणा की।

