विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण का कोटद्वार के बोक्सा जनजाति समाज के लिए विशेष जनता दरबार
कोटद्वार। शुक्रवार कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत जशोधरपुर ,हल्दुखाता में उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष एवम क्षेत्रीय विधायक ऋतु भूषण द्वारा बोक्सा जनजाति समाज की सुविधा, सुरक्षा तथा उनकी समस्याओं को दूर करने हेतु जनता दरबार का आयोजन किया ।
जनता दरबार में विधानसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों के साथ जनजाति समाज की समस्याओं को सुना एवं अधिकारियों को मौके पर समस्याओं का निस्तारण करने के जरूरी निर्देश दिए। जनता दरबार में लोगों की विभिन्न समस्याओं (वृद्धावस्था पेंशन, विधवा व दिव्यांग,राशन कार्ड, किसान पेंशन, बिजली,पानी,दिव्यांग प्रमाण पत्र आदि संबंधी) समस्याओं का अधिकारियों द्वारा निदान और समाधान किया गया।
इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों के साथ बोक्सा जनजाति समाज के लोगो के घरों का निरीक्षण कर जरूरी सुझाव एवं दिशा निर्देश दिए।
इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि वह कोटद्वार में हर वर्ग के विकास हेतु कार्य कर रही हैं और पंक्ति में अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति को विकास की धारा में जोड़ रही हैं। उन्होंने कहा कि इस जनता दरबार का उद्देश्य बोकसा जनजाति समाज के लोगों की समस्याओं का निस्तारण करना और सरकार द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी से अवगत करवाना है। जानकारी देते हुए कहा की जानकारी के अभाव में बोक्सा जनजाति के लोगों को सरकारी योजनाओं का उचित लाभ नहीं मिल पाता है । बोक्सा जनजाति की सांस्कृतिक व सामाजिक संरचना ही उसकी पहचान है। लेकिन, इसी पहचान के साथ आधुनिक युग में कदम रखने की भी जरूरत है। जनजाति समूहों को अपनी विशिष्ट संस्कृति के साथ ही आधुनिकता के दौर में भी प्रवेश करना होगा, जिससे विकास की किरण जनजाति समुदाय तक पहुंच सके।
जनता दरबार में शिक्षा विभाग, समाज कल्याण, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, स्वास्थ्य विभाग, खाद्य विभाग, कृषि विभाग, पेयजल, उद्यान विभाग, पशुपालन विभाग, विद्युत विभाग,पुलिस विभाग, राजस्व विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
