जिला मुख्यालय पौड़ी में गरजे उत्तराखंड प्रदेश समिति व पर्वतीय ठेकेदार संघ से जुड़े ठेकेदार
पौड़ी/कोटद्वार। उत्तराखण्ड ठेकेदार प्रदेश समिति एवं पर्वतीय ठेकेदार संघ द्वारा सोमवार को अपने नौ सूत्री मांगों को लेकर जिला मुख्यालय पौड़ी में एक महारैली कर उत्तराखंड के ठेकेदारों के उत्पीड़न के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन महारैली में पौड़ी जिले के विभिन्न डिविजनों दुगड्डा लैंसडाउन यमकेश्वर सतपुली कोटद्वार और पौड़ी के ठेकेदार यूनियन व संगठनों के ठेकेदार शामिल हुए। पौड़ी जिले के ठेकेदारों द्वारा अपनी आक्रोश रैली पौड़ी के मुख्य बाजार से जिला मुख्यालय तक नारेबाजी करते हुए निकाली। जिला मुख्यालय पहुंचकर ठेकेदार संघ से जुड़े ठेकेदारों द्वारा जिला अधिकारी के माध्यम से उत्तराखण्ड मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा।
पर्वतीय ठेकेदार संघ के अध्यक्ष देवेंद्र पाल नेगी ने अभी नहीं तो कभी नही का नारा देते हुए कहा कि पौड़ी आंदोलन की जननी है यहां से अनेक आन्दोलन की उत्पत्ति हुई है और हर आंदोलन को कामयाबी मिली है और इसलिए हम अपने आंदोलन की शुरुआत पौड़ी जिले से कर रहे हैं। इसी क्रम में नगर निगम कोटद्वार यूनियन के अध्यक्ष कुलदीप कुमार ने कहा हम सरकार को अंतिम चेतावनी दे रहे हैं इसके बाद सरकार का यही टाल मटोल रवैया रहा तो आंदोलन और भी उग्र हो जायेगा। इस मौके पर आशीष रावत जयप्रकाश, राजीव कोठारी, किशोर लखेड़ा, राजपाल असवाल, सुदर्शन भंडारी, पंकज चौधरी, विपिन बिष्ट आदि लोग शामिल रहे।
