बधाई ! कोटद्वार, नगरनिगम को ट्रैचिग ग्राउंड के लिए मिली जगह… !
वार्ड नं. 1 के बारातघर को बनाया कूडादान,
वार्ड पार्षद की मौन स्वीकृति, शायद वार्ड के लोगों के अच्छे स्वास्थ्य की है चिंता
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मेयर और पूर्व मंत्री के मुंहलगे चापलूस पार्षद ने सुझाई कूड़ेदान के लिए जगह
कोटद्वार नगर निगम जब से बना है तब से कोटद्वार के विजनरी नेतृत्व वाले मेयर के सानिध्य में विजनरी पार्षदों को कोटद्वार में कूड़ा एकत्र करने के लिए वीआईपी स्थान आखिरकार मिल ही गया है। पूर्व में भी कोटद्वार नगरपालिका के समय का बना ट्रैचिग ग्राउंड भी हिन्दू आस्था से जुड़े और देश के लिए स्वस्थ युवा तैयार करने वाले सरकारी खेल मैदान ( स्टेडियम) के निकट बनाया गया है। इस ट्रैकिंग ग्राउंड की मियाद समाप्ति की ओर है, इसलिए ने स्थान की खोजबीन शुरू हुई काफी मसक्त के बाद कोट नगरनिगम को उनका मनचाहा स्थान मिल गया। बधाई मेयर,नगर आयुक्त, और पार्षदों को जिन्होंने फिर एक बार अपने दूरदृष्टी विजन का इस्तेमाल कर कूड़ेदान के लिए पूर्व पंचायत घर अब बारातघर को चुना जहां आपके स्वर्ण समान कूड़ा कोटद्वार के सरकारी प्राथमिक विद्यालय, हैलीपेड और बारातघर को स्वर्णिम बनाएगा।
नगरनिगम का यह कूडादान चारों ओर से बाउंड्री वॉल से कवर है, पश्चिम दिशा में अविरल बहने वाली खोह नदी का कोलाहल है पूर्व दिशा में स्थानीय लोगों और उद्यान विभाग के फलदार आम-लीची के बगीचे हैं जहां सुबह से शांय तक विभिन्न पक्षियों का कलरव होता रहता है। उत्तर दिशा में नवनिर्मित हैलीपेड है जहां राज्य व देश के वीआईपी हैलीकॉप्टर से उतरते हैं तथा दक्षिण में फायर ब्रिगेड की चौकी है जो शहर में आग की किसी भी दुर्घटना से निबटने को तैयार है। चलो कोटद्वार की बुद्धिमान, बुद्धजीवी जनता को भी बधाई जिसने नगरनिगम की टीम को पूरा सहयोग दिया। साथ वार्ड के मौनी पार्षद का भी कोटि कोटि धन्यवाद जिन्होंने अपने आबादी से सटे वार्ड में बारातघर में कूड़ा डालने की मौन स्वीकृति दी है। शायद उन्हें अपने वार्ड के लोगों का स्वास्थ्य का बहुत ध्यान है।