रिपोर्टर: Author
August 5, 2026
सीटू की अगवाई में पौड़ी जिले के किसान, मजदूर संसद में प्रदर्शन के लिए दिल्ली कूच
संसद पर विशाल रैली में शामिल होने पौड़ी जिले के 15 ब्लाकों के किसान, मजदूर और ठेका प्रथा में काम कर रहे कर्मचारी दिल्ली रवाना
रिपोर्ट – पुष्कर सिंह पवार
कोटद्वार/पौड़ी. 5 अप्रेल को किसान, मजदूर और बेरोजगारों को छलने वाली सरकार के खिलाफ संसद पर विशाल प्रदर्शन को लेकर सीटू ( सेंटर आफ ट्रेड यूनियन, अखिल भारतीय किसान सभा व अखिल भारतीय खेत मजदूर यूनियन के नेतृत्व में पौड़ी जिले के 15 विकास खंडों से किसान, मजदूर, बेरोजगार युवा व विभिन्न ट्रेड यूनियनों से जुड़े कार्यकर्ताओं का दल मंगलवार को कोटद्वार से दिल्ली रवाना हुवा.
पौड़ी जिले के सीटू के सेकेट्री देवानन्द ने जानकारी देते हुए बताया कि 5 अप्रैल को पूरे देश से 12 मजदूर ट्रेड यूनियनों सहित देश भर से ठेका प्रथा में काम रही महिलाओं सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी, बेरोजगार युवा, छला हुवा किसान, मंहगाई से त्रस्त मजदूर मिलकर देश की संसद के सामने विशाल प्रदर्शन करेंगे.
वर्तमान सरकार द्वारा जिस तरह देश में साम्प्रदायिकता का जहर फैलाने, देश की सार्वजनिक संपत्तियों को कारपोरेट घरानों के हाथों बेचना, कृषि सहित देश के जल, जंगल जमीन को कारपोरेट घरानों के हाथों गिरवी रखने, किसान विरोधी कानून, श्रमिकों के हित में बने 44 श्रम कानूनों में से 29 कानून समाप्त करने सहित उर्जा क्षेत्र को भी कारपोरेट घरानों को उपहार स्वरूप देने जैसे तुगलकी शासन व्यवस्था के खिलाफ संसद में आवाज उठाने को लेकर विशाल रैली के माध्यम से सरकार को जगाने के लिए प्रदर्शन का निर्णय सीटू किसान सभा व खेत मजदूर यूनियन सहित 12 ट्रेड यूनियनों ने लिया है.
पौड़ी जिले का नेतृत्व सीटू से देवानंद, महिलाओं से रोशनी बिष्ट, युवा बेरोजगार का नेतृत्व पारस रावत व किसानों का नेतृत्व विक्रम सिंह द्वारा किया जा रहा है. रैली में 15 विकास खंडों से भारी संख्या में किसान, मजदूर, बेरोजगार, व कर्मचारी शामिल हो रहे हैं.