जहरीली गैस रिसाव से उत्तराखंड में हादसा
एसडीएम सहित 34 लोग हास्पीटलाईज
कबाड़ के गोदाम में सिलीन्डर में जहरीली गैस रिसाव से हुई दुर्घटना
उत्तराखंड में मंगलवार को जहरीली गैस लिकीज की घटना ने अफरा तफरी मचा दी। मामला उत्तराखंड के ऊधमसिंहनगर जिले के रुद्रपुर में मंगलवार सुबह ट्रांजिट कैंप के आजाद नगर में कबाड़ी की दुकान में रखे गैस सिलेंडर से अचानक जहरीली गैस का रिसाव होने लगा। गैस की चपेट में आने से कई लोग बेहोश होने लगे। घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम, सीओ, फायर ब्रिगेड की टीम, स्थानीय पुलिसकर्मी और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
एसडीएम व राहत बचाव दल ने पीड़ितों को राहत देने में सहयोग करना शुरु कर दिया, जहरीली गैस ने अपना प्रभाव दिखाना शुरू कर दिया जिसके चलते एसडीएम सहित राहत कार्य में जुटे पुलिस के आठ जवानों की तबीयत भी बिगड़ने पर सभी को चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
गैस रिसाव की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची टीम भी गैस की चपेट में आ गई। इस दौरान किच्छा क्षेत्र के उप जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा, मुख्य अग्निशमन अधिकारी वंश बहादुर यादव व एसडीआरएफ के करीब आठ जवानों की भी तबीयत खराब हो गई।
गैस का रिसाव होने से वहां आस-पास के लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। साथ ही उल्टी होने की समस्या से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। इससे लोगों में वहां दहशत का माहौल बन गया। सड़क पर लोग जहरीली गैस से बचने के लिए मुंह को कपड़े से ढककर आवाजाही को मजबूर हुए।
बेहोश हुए करीब 34 लोगों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ितों की बढ़ती संख्या से जिला अस्पताल का आईसीयू वार्ड भी फुल हो गया है। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं, युगल किशोर पंत व एसएसपी डॉ मंजूनाथ टीसी अस्पताल में बेहोश मरीजों का हाल जानने पहुंचे।
गैस रिसाव होने के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ट्रांजिट कैंप से कबाड़ के गोदाम हटाने की मांग की। लोगों के अनुसार कबाड़ का गोदाम आबादी के बीच होने से कोई भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। कबाड़ गोदाम को लेकर लोगों ने विरोध जताते हुए शीघ्र से शीघ्र आबादी से बाहर करने की मांग की है।

