बहुचर्चित अंकिता हत्याकाण्ड की जिम्मेदारी शासकीय अधिवक्ता अवनीश नेगी को
*राज्य सरकार द्वारा अंकिता के माता -पिता के अनुरोध पर बदले गए पूर्व अधिवक्ता
मुख्यमंत्री के संज्ञान के बाद हुई नए शासकीय अधिवक्ता की की गई नियुक्ति
पूर्व जिला शासकीय अधिवक्ता (क्रिमिनल) अवनीश नेगी को प्रभावी पैरवी करने के लिए शासन द्वारा किया गया नियुक्त
जिला प्रशासन द्वारा अवगत कराया गया है कि स्वर्गीय अंकिता के माता-पिता द्वारा शासकीय अधिवक्ता बदले जाने के अनुरोध के क्रम में मा. मुख्यमंत्री जी द्वारा स्व. अंकिता के माता – पिता के अनुरोध पर तत्काल संज्ञान लेते हुए स्थानीय जनभावना के अनुकूल बड़ा कदम उठाया गया है। सरकार द्वारा जनपद पौड़ी गढ़वाल के राजस्व पट्टी- उदयपुर तल्ला -2 यम्केश्वर में पंजीकृत मु.अ.स. -01 / 2022 , राज्य बनाम पुलकित आर्य एवं अन्य में उत्तराखंड राज्य की ओर से प्रभावी पैरवी किए जाने के संबंध में पूर्व जिला शासकीय अधिवक्ता (क्रिमिनल) अवनीश नेगी की नियुक्ति की गई है।
सरकार द्वारा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की दिशा में नियुक्त किए नए अधिवक्ता की पैरवी में होने वाले शासकीय अधिवक्ता की फीस का भुगतान उत्तराखंड सरकार ( ग्रह विभाग ) द्वारा ही किया जाएगा।
मुख्यमंत्री द्वारा उठाए गए इस ठोस कदम के लिए अंकिता के माता_ पिता के अनुरोध के अनुसार पूर्व अधिवक्ता को हटाकर नए अधिवक्ता नियुक्त करने के लिए स्व0 अंकिता भंडारी के परिवार द्वारा मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया गया है।
चमोली हादसे में एसटीपी के संचालन करने वाले अपर सहायक अभियंता निलम्बित
एस०टी०पी० का संचालन एवं रखरखाव करने वाली ज्वाइन्ट वेन्चर कम्पनी के विरूद्ध दर्ज की गयी एफ. आई. आर. दर्ज
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर चमोली हादसे के प्रकरण में मुख्य महाप्रबंधक उत्तराखण्ड जल संस्थान द्वारा एस०टी०पी० का संचालन एवं रखरखाव करने वाली फर्म के कार्याे के समुचित अनुश्रवण का दायित्व देख रहे हरदेव लाल, अपर सहायक अभियन्ता को निलम्बित किया गया है। इस सम्बन्ध में जारी आदेश में मुख्य महाप्रबंधक द्वारा स्पष्ट किया गया है कि प्रथम दृष्ट्या हरदेव लाल अपर सहायक अभियन्ता के द्वारा विभागीय कार्यों में लापरवाही बरते जाने का दोषी पाये जाने के बाद तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर राजस्व उपनिरीक्षक तहसील चमोली द्वारा सुपरवाइजर ज्वाइन्ट वेन्चर कम्पनी एवं अन्य संबंधित के विरूद्ध नमामि गंगे के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट पर विद्युत उपकरणों के संचालन में घोर लापरवाही बरते जाने के संबंध में एफ. आई. आर. दर्ज कर दी गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर जिला अस्पताल गोपेश्वर में भर्ती चमोली हादसे के बाकी सभी 5 घायलो को भी गुरुवार को एयरलिफ्ट कर ऋषिकेश एम्स में भर्ती किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एम्स ऋषिकेश में घायलों को मानसिक दबाव से मुक्त करने और उच्च स्तरीय स्वास्थ्य जांच के लिए भेजा गया है। इससे उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधा भी उपलब्ध हो सकेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरूवार को पूर्वाह्न में स्वयं चमोली पहुंचकर अत्यंत पीड़ादायक व हृदय को झकझोर देने वाले हादसे में हताहत हुए लोगों के परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने हादसे में अपने प्राणों की आहुति देने वाले होमगार्ड्स के जवानों को भी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चमोली हादसे में मृतकों के सभी परिजनों से एक -एक कर मिले। उन्होंने सभी को सांत्वना दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुःख की इस घड़ी में राज्य सरकार उनके साथ है, सरकार द्वारा इनकी हर संभव मदद की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस भावुक क्षण को वे अपने शब्दों में बयान नही कर पा रहे हैं। जिन लोगों ने अपने परिजन खोए हैं वे उनकी पीड़ा भली-भांति समझ सकते हैं। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की है कि शोकाकुल परिवारों को इस कष्ट को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस हृदय विदारक घटना की गहनता से जांच की जाएगी और दोषियों के विरूद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
नैनीताल शहर की शत्रु संपत्ति मेट्रोपोल के अतिक्रमण के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही हेतु जिला व पुलिस प्रशासन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, अपर जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश
जिलाधिकारी ने बताया कि शत्रु सम्पत्ति पर काबिज जनों को जिला प्रशासन द्वारा पर्याप्त नोटिस व सुनवाई के अवसर दिए गए किंतु समयावधि पूर्ण हो जाने के पश्चात भी आतिथि तक खाली नहीं किया गया। इसके लिए उप जिलाधिकारी नैनीताल द्वारा लगभग 134 परिवारों को पर्याप्त अवसर, नोटिस, सुनवाई व कानूनी प्रक्रिया के अनुसार सम्पूर्ण कार्यवाही की गई है। उन्होंने कहा कि अतिक्रमित लोगो को शुक्रवार तक आवास खाली करने का समय दिया गया है , ऐसा न होने पर शनिवार की सुबह से अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन द्वारा सम्पूर्ण तैयारी कर ली गई है।
बैठक में जिलाधिकारी ने नगर निगम व नगरपालिका को पर्याप्त संख्या में विभिन्न संसाधनों की उपलब्धता, लोनिवि को जेसीबी, पोकलैंड आदि मशीन, स्वास्थ्य विभाग को जीवन रक्षक औषधि, चिकित्सक व एम्बुलेंस , विद्युत विभाग को विद्युत सुरक्षा , परिवहन को वाहनों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि शत्रु सम्पत्ति पर अतिक्रमण हटाने के पश्चात लोनिवि द्वारा तत्काल मलबे को हटाया जाएगा जिससे आपदा के दृष्टिगत किसी भी प्रकार का नुकसान व पुनः अतिक्रमण से बचा जा सके।
कानून व्यवस्था को मद्देनजर रखते हुए अतिक्रमण हटाने के लिए लगभग पुलिस की चार कम्पनी पीएसी, जिला प्रशासन के 06 सेक्टर अधिकारी सहित कुल 1000 कार्मिक फील्ड में तैनात रहेंगे।फील्ड में कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा जिसके नोडल अपरजिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अशोक जोशी व क्षेत्र के नोडल अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव चरण द्विवेदी रहेंगे।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पंकज भट्ट, पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह, आरटीओ नन्द किशोर, उपजिलाधिकारी नैनीताल राहुल शाह, धारी योगेश मेहरा, रामनगर गौरव चटवाल सहित अन्य उप जिलाधिकारी व तहसीलदार मौजूद थे।

