रिपोर्टर: Author
August 5, 2026
कोटद्वार की खोह नदी सफाई हेतु केंद्र ने स्वीकृत किए 135 करोड़
नमामि गंगे परियोजना मद से स्वीकृत योजना
उत्तराखण्ड राज्य को नमामि गंगे परियोजना के तहत् गंगा नदी जल प्रदूषण नियंत्रण के लिए लगभग 135 करोड रूपए की लागत परियोजना को राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन, जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार की 52 वीं कार्यकारी समिति की बैठक में सैद्धान्तिक स्वीकृति मिली है। इस स्वीकृति को लेकर कोटद्वार विधायक एवम उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत का आभार व्यक्त किया है।
स्वीकृत परियोजना में उत्तराखंड के जनपद पौड़ी गढ़वाल क्षेत्र के कोटद्वार शहर में बहने वाली खोह नदी में गिरने वाले 09 नालों को टैप करने एवं 21 एम.एल.डी. सीवेज शोधन संयंत्र के निर्माण की स्वीकृति हेतु सहमति प्रदान की गई है। खोह नदी कोटद्वार नगर से यूपी के बिजनौर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से गुजरते हुए बहती हुई रामगंगा नदी में मिल जाती है।
विधानसभा अध्यक्ष ने केंद्रीय नेतृत्व आभार जताते हुए कहा की कोटद्वार में खोह नदी काफी दूषित हो गई थी जो की गंगा की प्रमुख सहायक नदियों में से एक नदी है , उन्होंने कहा की खोह नदी में काफी नाले गिरते थे जिससे नदी काफी दूषित हो जाती थी, विधानसभा अध्यक्ष ने कहा की नमामि गंगा परियोजना के तहत अब कोटद्वार में बहने वाली खोह नदी को भी साफ किया जायेगा साथ ही 21 एम.एल.डी. सीवेज शोधन संयंत्र का निर्माण किया जाएगा।

