कोटद्वार में अग्निवीर भर्ती रैली का चौथा दिन
कुल पंजीकृत 5928 अभ्यर्थियों में से 5122 ने लिया भाग
कोटद्वार में अग्निवीरों की भर्ती के लिए आयोजित की जा रही सेना भर्ती रैली के चौथा दिन (22 अगस्त, 2022), रुद्रप्रयाग और पौड़ी गढ़वाल जनपदों की तहसीलों के 5928 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण किया था। चौथे दिन कुल पंजीकृत 5928 अभ्यर्थियों में से कुल 5122 उम्मीदवार उपस्थित हुए।
एआरओ लैंसडाउन के अंतर्गत 7 जिलों में कुल 63,360 उम्मीदवारों ने अग्निवीर सैनिक सामान्य ड्यूटी, तकनीकी, क्लर्क / एसकेटी, ट्रेड्समैन की विभिन्न श्रेणियों के तहत पंजीकरण कराया है। रैली के आयोजन में नागरिक प्रशासन ने सहायता प्रदान की है और अधिकतम संसाधन जुटाए हैं। उत्तराखंड राज्य भर में भर्ती के लिए 1,08,000 से अधिक उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया है।
भारी बारिश से जनपद पौड़ी में कुल 57 सड़कें बंद
प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद पौड़ी में कुल 57 सड़कें बंद हैं जिन्हें खुलवाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सीडी पीडब्लूडी डिवीजन पौड़ी के अंतर्गत 02, सीडी पीडब्लूडी डिवीजन श्रीनगर डिवीजन 01, पीडी पीडब्लूडी लैंसडाउन में 08, सीडी पीडब्लूडी दुगड्डा में 18, बेजरों 01, पाबो 03 तथा पीएमजीएसवाई की 24 सड़कें अवरुद्ध है। जिलाधिकारी गढ़वाल डॉ0 विजय कुमार जोगदंडे के निर्देशानुसार समस्त अवरूद्ध मार्गों को जेसीबी व अन्य माध्यमों से खुलवाने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं साथ ही जहां पर मार्ग अत्यधिक क्षतिग्रस्त है उन स्थानों पर वैकल्पिक मार्ग बनाने की व्यवस्था की जा रही है। वहीं श्रीनगर में अलकनंदा का जलस्तर 533.56 मीटर दर्ज किया गया।


