चार धाम यात्रा रूट पर यात्रियों के स्वास्थ्य को निशुल्क सुविधाएं उपलब्ध करा रहा द हंस फाउंडेशन
1 लाख से अधिक यात्रियों का हो चुका चैकअप, 15000 यात्रियों को भेजा नजदीकी चिकित्सालयों में
किसी ईमानदार समाजिक संस्था का उद्देश्य होता है कि वह अपने निजी संसाधनों के बल जितना संभव हो मानवजीवन को सुगम बनाने में जरूरत मंदों को समय पर सेवाएँ दे। उत्तराखंड में भी विश्व प्रसिद्ध संस्था द हंस फाउंडेशन भी राज्य बनने के बाद से लगातार राज्य में विभिन्न क्षेत्रों में समाजिक कार्यों से लोगों के दिलों में घर कर चुकी है। वर्तमान में संस्था ने चार धाम यात्रा पर आ रहे श्रद्धालुओं की सुगम एवं सुरक्षित यात्रा के साथ उत्तराखंड प्रशासन के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग एवं “द हंस फाउंडेशन” की टीम के साथ लोगों को किसी भी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर मुस्तैदी से सेवा कार्य करने का सराहनीय कार्य कर रही है।
विद्यालयों में गर्मियों की छुट्टियां पढ़ते ही जून माह के पहले सप्ताह में चार धाम यात्रा पर आ रहे तीर्थयात्रियों की संख्या में काफी इजाफा हो गया है। जिनमें से कई तीर्थयात्री यात्रा के लिए पूरी तरह से स्वस्थ नहीं होते। कम ऑक्सीजन और अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में यात्रा के दौरान दम फूलने से हृदय रोगियों, सांस संबंधी रोगियों व बुजुर्गों को स्वास्थ्य संबंधी गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
गत वर्ष यात्रा काल के दौरान हार्ट अटैक के कारण कई तीर्थ यात्रियों की मौत हो गई थी लेकिन इस वर्ष तीर्थयात्रियों की सुरक्षित यात्रा के लिए यात्रा रूट पर हेल्थ स्क्रीनिंग सेंटर बनाए गए हैं।
द हंस फाउंडेशन द्वारा यात्रियों की स्क्रीनिंग के लिये हरिद्वार, ऋषिकेश, बड़कोट, जानकीचट्टी, हिना, गुप्तकाशी, सोनप्रयाग, पाण्डुकेश्वर, गोविन्द घाट में 50 हेल्थ स्क्रीनिंग सेंटर स्थापित किये गये हैं, जिसमें 55 साल से अधिक उम्र के यात्रियों की स्क्रीनिंग की जा रही है। स्क्रीनिंग सेंटर में यात्रियों के रक्तचाप, शरीर का तापमान, सुगर जाँच, ऑक्सीजन स्तर सहित अन्य जाँच की जा रही है तथा अनफिट यात्रियों को दवाई, परामर्श आदि देकर आगे की यात्रा के लिए रवाना किया जा रहा है,
द हंस फाउंडेशन के चारधाम प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर द्वारा बताया गया कि विगत दो माह में लगभग 1 लाख 10 हजार यात्रियों की स्वास्थ्य जांच की जा चुकी है तथा 15000 से अधिक यात्रियों को नजदीक के स्वास्थ्य केंद्र में रेफर किया गया है। द हंस फाउंडेशन द्वारा संचालित इन स्वास्थ्य जांच केंद्रो में देश के सभी राज्यों के साथ साथ अन्य देशों के यात्री भी आकर जांच करवा रहे है। यात्रियों द्वारा बताया गया कि इस वर्ष यह काफी अच्छी सुविधा प्रदान की जा रही है, जिसमें उन्होंने द हंस फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे कार्यों की काफी सराहना की।

